Breaking News

कश्मीर के गुलमर्ग में LOC के पास रहस्यमयी ब्लास्ट, 1 शख्स की मौत, 4 घायल     |   दिल्ली-NCR से कश्मीर तक 6.2 तीव्रता से कांपी धरती, अफगानिस्तान बना भूकंप का केंद्र     |   दिल्ली-NCR और जम्मू-कश्मीर में महसूस किए गए भूकंप के तेज झटके     |   राम मंदिर ट्रस्ट में बड़े बदलाव की तैयारी, 11 जुलाई की बैठक में नए महासचिव पर फैसला संभव     |   राम मंदिर ट्रस्ट से चंपत राय-अनिल मिश्रा का इस्तीफा, बैठक में तय होगी अगली भूमिका     |  

उप्र: अमेठी पंचायत मतदाता सूची से स्मृति ईरानी का नाम गायब, जांच के आदेश

अमेठी, 12 जून (भाषा) पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी का नाम उत्तर प्रदेश के अमेठी जिले के मेदान मवई गांव की पंचायत मतदाता सूची से गायब पाया गया जबकि उनका नाम क्षेत्र की लोकसभा और विधानसभा मतदाता सूची में मौजूद था।

अमेठी के जिलाधिकारी संजय चौहान ने बताया कि उन्होंने मामले की जांच के आदेश दे दिये हैं।

वर्ष 2019 से 2024 तक लोकसभा में अमेठी का प्रतिनिधित्व करने वाली भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की नेता स्मृति ईरानी ने 2019 का लोकसभा चुनाव जीतने के बाद गौरीगंज विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत मेदान मवई गांव में अपना आवास बनाया।

वह गांव की मतदाता के रूप में भी पंजीकृत हैं और उन्होंने लोकसभा चुनाव के दौरान मतदान किया था।

यह मामला 10 जून को पंचायत मतदाता सूची के प्रकाशन के बाद सामने आया, जिसमें उनका नाम शामिल नहीं था।

स्मृति ईरानी का नाम हटाने के पीछे के कारण के बारे में पूछे जाने पर जिलाधिकारी ने बताया कि जांच के आदेश दे दिए गए हैं और रिपोर्ट आने के बाद सही कारण स्पष्ट होगा।

भाजपा की अमेठी जिला इकाई के अध्यक्ष सुधांशु शुक्ला ने कहा कि ईरानी का नाम शामिल करने के लिए एक आवेदन पत्र जमा किया गया है और मामला वरिष्ठ अधिकारियों के संज्ञान में लाया गया है।

उन्होंने कहा कि अधिकारियों ने आश्वासन दिया था कि उचित सत्यापन के बाद नाम जोड़ा जाएगा।

वर्ष 2024 में हुए लोकसभा चुनाव में स्मृति ईरानी को कांग्रेस के किशोरी लाल शर्मा ने हरा दिया था।

भाषा सं जफर मनीषा जितेंद्र

जितेंद्र