Breaking News

‘होर्मुज से निकल रहे भारतीय जहाजों पर ईरानी हमले स्वीकार्य नहीं’, बोले US राष्ट्रपति     |   पश्चिम बंगाल: आग में 4,000 EVM जलीं, सबूत मिटाने की साजिश?, TMC का एक्स पोस्ट     |   'हम आरजी कर केस की फाइलें दोबारा खोल रहे हैं', बोले बंगाल के स्वास्थ्य मंत्री     |   उन्नाव: गंगा एक्सप्रेसवे पर खड़े ट्रक से टकराई तेज रफ्तार टाटा पंच, 4 लोगों की मौत     |   ‘काला हिरण’ मूवी मामले में सलमान खान की याचिका पर दिल्ली HC में अब जून को सुनवाई     |  

कॉकरोच जनता पार्टी शुक्रवार को लखनऊ में विरोध प्रदर्शन करेगीः दीपके

लखनऊ, 11 जून (भाषा) सोशल मीडिया आंदोलन कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के संस्थापक अभिजीत दीपके ने बृहस्पतिवार को कहा कि दिल्ली और पुणे में दो सफल शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन के बाद वह शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग करते हुए छात्रों के साथ शुक्रवार को लखनऊ में प्रदर्शन करेंगे।

दीपके ने 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘दिल्ली और पुणे में दो सफल शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन के बाद मैं लखनऊ के लिए निकल रहा हूं। वहां कल मैं छात्रों के साथ मिलकर शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग करूंगा।’’

लखनऊ के ईको गार्डेन में शुक्रवार को एक विरोध प्रदर्शन का कार्यक्रम है जहां सीजेपी के समर्थक कथित नीट पेपर लीक को लेकर शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग करेंगे।

इससे पूर्व पुणे में दीपके ने प्रधान के इस्तीफे की मांग करते हुए एक राष्ट्रव्यापी प्रदर्शन शुरू किया और एक परीक्षा घोषणा पत्र जारी किया जिसमें पेपर लीक होने की स्थिति में छात्रों के लिए मुआवजे की मांग की गई है।

दीपके ने चेतावनी दी कि यदि प्रतियोगी परीक्षाओं में अनियमितताओं को लेकर प्रधान ने इस्तीफा नहीं दिया तो वे दिल्ली जाएंगे और 20 जून को विरोध प्रदर्शन करेंगे। दीपके ने पुणे में कहा कि नीट, सीबीएसई और सीयूईटी परीक्षा में शामिल हो रहे विद्यार्थियों को अन्याय का सामना करना पड़ा है और सरकार जवाबदेही तय करने में विफल रही है।

उन्होंने कहा, “आंदोलन की शुरुआत से ही हमारी एक ही मांग रही है और वह है धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा। एक करोड़ से अधिक विद्यार्थियों को अन्याय का सामना करना पड़ा है, लेकिन कोई भी जिम्मेदारी लेने को तैयार नहीं है।”

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को तय करना होगा कि एक करोड़ विद्यार्थी महत्वपूर्ण हैं या अक्षम मंत्री।

उन्होंने कहा कि पुणे से देशव्यापी अभियान शुरू करने के साथ वे 20 जून को दिल्ली के जंतर मंतर पर एकत्र होने से पहले जयपुर, लखनऊ, अमृतसर और बेंगलुरु समेत विभिन्न शहरों में इस आंदोलन के तहत प्रदर्शन करेंगे।

भाषा राजेंद्र आशीष पवनेश

पवनेश