Breaking News

‘होर्मुज से निकल रहे भारतीय जहाजों पर ईरानी हमले स्वीकार्य नहीं’, बोले US राष्ट्रपति     |   पश्चिम बंगाल: आग में 4,000 EVM जलीं, सबूत मिटाने की साजिश?, TMC का एक्स पोस्ट     |   'हम आरजी कर केस की फाइलें दोबारा खोल रहे हैं', बोले बंगाल के स्वास्थ्य मंत्री     |   उन्नाव: गंगा एक्सप्रेसवे पर खड़े ट्रक से टकराई तेज रफ्तार टाटा पंच, 4 लोगों की मौत     |   ‘काला हिरण’ मूवी मामले में सलमान खान की याचिका पर दिल्ली HC में अब जून को सुनवाई     |  

दिल्ली : नंद नगरी इलाके में लूट की कोशिश में व्यक्ति की हत्या, दो गिरफ्तार

नयी दिल्ली, 11 जून (भाषा) उत्तर पूर्वी दिल्ली के नंद नगरी इलाके में बृहस्पतिवार तड़के एक सिनेमा हॉल के पास लूटपाट की कोशिश में एक व्यक्ति की हत्या करने के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि नंद नगरी थाने को मिली सूचना के बाद एक टीम घटनास्थल पहुंची जहां पुलिस को गगन सिनेमा के मुख्य द्वार के सामने सड़क पर एक व्यक्ति घायल मिला।

उनके मुताबिक, घायल को तुरंत जीटीबी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बाद में मृतक की पहचान उत्तर प्रदेश के औरैया जिले के कुंदनपुर निवासी मोहम्मद अनीस के रूप में हुई।

अधिकारियों ने बताया कि अपराध और फॉरेंसिक दल ने घटनास्थल का निरीक्षण कर वहां से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए हैं।

पुलिस ने बताया कि इस संबंध में नंद नगरी थाने में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1) (हत्या) के तहत मामला दर्ज किया गया है।

अधिकारियों के मुताबिक, जांच के दौरान एकत्र की गई जानकारी के आधार पर, पुलिस ने दो आरोपियों सुंदर नगरी निवासी आसिफ उर्फ ​​इक्कल (30) और परम शिवम (28) को गिरफ्तार किया।

पुलिस ने कहा कि पूछताछ के दौरान आरोपियों ने कथित तौर पर कबूल किया कि उन्होंने लूट के प्रयास के दौरान अनीस की हत्या कर दी।

अधिकारियों ने बताया कि आरोपियों के पास से पीड़ित का मोबाइल फोन, आधार कार्ड और हत्या में कथित तौर पर इस्तेमाल किया गया चाकू बरामद किया गया।

पुलिस ने कहा कि आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड के सत्यापन से पता चला कि आसिफ पहले लूट, झमटमारी, चोरी और शस्त्र अधिनियम समेत छह मामलों में शामिल था, जबकि परम शिवम को लूट और घर में चोरी से संबंधित नौ मामलों में शामिल पाया गया है।

भाषा नोमान नोमान माधव

माधव