Breaking News

कैलिफोर्निया के शाही रेस्टोरेंट में फायरिंग की जिम्मेदारी मुन्ना ब्राम्पटन नाम के गैंगस्टर ने ली     |   सबरीमाला सोना चोरी मामले के एक आरोपी मुरारी बाबू का निधन     |   प्रसिद्ध दिवंगत शूटर जसपाल राणा का अंतिम संस्कार आज बनारस में होगा     |   कोलकाता: ED अधिकारियों ने दक्षिणेश्वर में TMC विधायक मदन मित्रा के घर पर छापेमारी की     |   कोलकाता: पूछताछ के लिए अभिषेक बनर्जी के आवास पर पहुंचे पुलिस अधिकारी     |  

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे समेत चार उम्मीदवार कर्नाटक से राज्यसभा के लिए निर्विरोध निर्वाचित

बेंगलुरु, 11 जून (भाषा) कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे समेत चार उम्मीदवारों को बृहस्पतिवार को कर्नाटक से राज्यसभा के लिए निर्विरोध निर्वाचित घोषित किया गया। इनमें एक भाजपा उम्मीदवार हैं। निर्वाचन अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

राज्य से मौजूदा चार राज्यसभा सदस्यों - इरन्ना कडाडी और नारायण कोरागाप्पा (दोनों भाजपा से), कांग्रेस के मल्लिकार्जुन खरगे और जनता दल (सेक्युलर) के नेता एच.डी. देवेगौड़ा - का कार्यकाल 25 जून को खत्म हो रहा है और इन रिक्त पदों को भरने के लिए चुनाव की घोषणा की गई थी।

खरगे कर्नाटक से संसद के उच्च सदन के लिए फिर से मैदान में थे।

खरगे के अलावा, अन्य नवनिर्वाचित सदस्यों में कांग्रेस सचिव मंसूर अली खान, कांग्रेस के मीडिया और प्रचार विभाग के अध्यक्ष पवन खेड़ा और भाजपा के एम. नागराज शामिल हैं।

कर्नाटक की चार राज्यसभा सीटों के लिए चुनाव 18 जून के लिए तय था और सोमवार (नामांकन की आखिरी तारीख) तक पांच उम्मीदवारों ने नामांकन दाखिल किए थे।

कर्नाटक विधानसभा के सदस्यों को इस चुनाव में विधान सौध में मतदान करना था।

हालांकि, अधिकारियों ने बताया कि जांच के दौरान एक निर्दलीय उम्मीदवार द्वारा दाखिल नामांकन रद्द कर दिया गया। उम्मीदवारी वापस लेने की आखिरी तारीख बृहस्पतिवार थी।

अधिकारियों ने बताया कि चूंकि मैदान में केवल चार उम्मीदवार ही बचे थे, इसलिए उन्हें निर्विरोध निर्वाचित घोषित कर दिया गया।

मुख्यमंत्री डी के शिवकुमार ने कर्नाटक से राज्यसभा के लिए चुने जाने पर खरगे, खेड़ा और खान को बधाई दी।

शिवकुमार ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘मुझे पूरा भरोसा है कि वे संसद में कर्नाटक के हितों की पुरजोर वकालत करेंगे, हमारे लोगों की आकांक्षाओं को प्रभावी ढंग से उठाएंगे और राज्य की निरंतर प्रगति व विकास की दिशा में काम करेंगे।’’

चुने जाने के बाद खेड़ा ने संवाददाताओं से कहा कि यह बहुत गर्व की बात है कि कांग्रेस नेतृत्व ने उन्हें राज्यसभा के जरिए कर्नाटक के लोगों की सेवा करने का मौका दिया।

कांग्रेस नेता ने उम्मीद जताई कि वह लोगों की उम्मीदों पर खरा उतरेंगे।

खान ने राज्यसभा में कर्नाटक और देश के मुद्दों को उठाने का मौका देने के लिए राष्ट्रीय और प्रदेश पार्टी नेतृत्व का आभार जताया।

भाजपा के नागराज ने पार्टी के राज्य और राष्ट्रीय नेतृत्व का धन्यवाद करते हुए कहा कि वह उम्मीदों पर खरा उतरने तथा राज्यसभा में राज्य के हितों को सुनिश्चित करने की दिशा में काम करने का प्रयास करेंगे।

भाषा शफीक रंजन

रंजन