Breaking News

कश्मीर के गुलमर्ग में LOC के पास रहस्यमयी ब्लास्ट, 1 शख्स की मौत, 4 घायल     |   दिल्ली-NCR से कश्मीर तक 6.2 तीव्रता से कांपी धरती, अफगानिस्तान बना भूकंप का केंद्र     |   दिल्ली-NCR और जम्मू-कश्मीर में महसूस किए गए भूकंप के तेज झटके     |   राम मंदिर ट्रस्ट में बड़े बदलाव की तैयारी, 11 जुलाई की बैठक में नए महासचिव पर फैसला संभव     |   राम मंदिर ट्रस्ट से चंपत राय-अनिल मिश्रा का इस्तीफा, बैठक में तय होगी अगली भूमिका     |  

भारतीय नाविकों की मौत पर प्रधानमंत्री जिम्मेदारी से नहीं बच सकते, जवाबदेही तय हो: कांग्रेस

नयी दिल्ली, 11 जून (भाषा) कांग्रेस ने ओमान तट के निकट एक वाणिज्यिक पोत पर अमेरिकी सैन्य हमले में तीन भारतीय नाविकों की मौत पर बृहस्पतिवार को दुख जताया और कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी अपनी जिम्मेदारी से नहीं बच सकते।

पार्टी के मीडिया विभाग के प्रमुख पवन खेड़ा ने कहा कि इस मामले में जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए सरकार को राजनयिक कदम उठाने चाहिए।

खेड़ा ने एक बयान में कहा, ‘‘कांग्रेस ओमान के तट पर तीन भारतीय नाविकों की दुखद मृत्यु पर गहरा शोक व्यक्त करती है। हम उनके परिवारों और प्रियजनों के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं प्रकट करते हैं और इस कठिन समय में उनके साथ एकजुटता से खड़े हैं।’’

उन्होंने कहा कि कांग्रेस अमेरिका द्वारा की गई उन सैन्य कार्रवाइयों की कड़े शब्दों में निंदा करती है जिन्होंने इस क्षेत्र में आम नागरिकों के जहाज़ों और समुद्री कर्मियों को खतरे में डाल दिया है।

खेड़ा ने कहा, ‘‘राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के साथ अपनी व्यक्तिगत घनिष्ठता को बार-बार एक कूटनीतिक उपलब्धि के रूप में प्रदर्शित करने वाले प्रधानमंत्री मोदी तब जिम्मेदारी से नहीं बच सकते जब वह संबंध भारतीय नागरिकों के जीवन और हितों की रक्षा करने में विफल हो जाएं।’’

उन्होंने कहा, ‘‘हम सरकार से आग्रह करते हैं कि वह प्रभावित परिवारों को तत्काल सहायता और पर्याप्त मुआवजा प्रदान करे, दिवंगत नाविकों के पार्थिव अवशेषों की शीघ्र वापसी सुनिश्चित करे, और जीवित बचाए गए लोगों की सुरक्षित स्वदेश वापसी में सहायता करे।’’

कांग्रेस नेता ने कहा कि सरकार इस त्रासदी के लिए जवाबदेही सुनिश्चित करने हेतु सभी आवश्यक राजनयिक कदम उठाए और होर्मुज जलडमरूमध्य तथा ओमान की खाड़ी में इसी प्रकार की विकट परिस्थितियों में फंसे अन्य भारतीयों की सुरक्षा और भलाई सुनिश्चित करे।

भाषा हक हक नरेश

नरेश