Breaking News

कश्मीर के गुलमर्ग में LOC के पास रहस्यमयी ब्लास्ट, 1 शख्स की मौत, 4 घायल     |   दिल्ली-NCR से कश्मीर तक 6.2 तीव्रता से कांपी धरती, अफगानिस्तान बना भूकंप का केंद्र     |   दिल्ली-NCR और जम्मू-कश्मीर में महसूस किए गए भूकंप के तेज झटके     |   राम मंदिर ट्रस्ट में बड़े बदलाव की तैयारी, 11 जुलाई की बैठक में नए महासचिव पर फैसला संभव     |   राम मंदिर ट्रस्ट से चंपत राय-अनिल मिश्रा का इस्तीफा, बैठक में तय होगी अगली भूमिका     |  

‘वोट चोरी’, ‘सरकार चोरी’ के बाद अब भाजपा और निर्वाचन आयोग ने ‘सीट चोरी’ शुरू की: राहुल

नयी दिल्ली, 11 जून (भाषा) कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने मध्य प्रदेश से पार्टी की उम्मीदवार मीनाक्षी नटराजन का नामांकन खारिज किए जाने का हवाला देते हुए बृहस्पतिवार को आरोप लगाया कि ‘वोट चोरी’ और ‘सरकार चोरी’ के बाद अब भाजपा और निर्वाचन आयोग की मिलीभगत ने ‘सीट चोरी’ शुरू कर दी है।

उन्होंने कहा कि ‘सीट चोरी’ के ज़रिये चुनाव शुरू होने से पहले ही मुकाबला खत्म कर दिया गया है।

राहुल गांधी ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘वोट चोरी और 'सरकार चोरी' के बाद, अब भाजपा और निर्वाचन आयोग की मिलीभगत ने ‘सीट चोरी’ के ज़रिये चुनाव शुरू होने से पहले ही मुकाबला खत्म कर दिया है।’’

उनका कहना था, ‘‘हाल ही में हुए राज्यसभा चुनावों में जो हुआ, उसे देखिए। कांग्रेस उम्मीदवार मीनाक्षी नटराजन जी ने सभी ज़रूरी दस्तावेज़ जमा किए थे। उन पर कोई मामला लंबित नहीं था। फिर भी, निर्वाचन आयोग ने भाजपा की एक बेबुनियाद आपत्ति पर उनका नामांकन रद्द कर दिया।’’

उनका कहना था, ‘‘वहीं, (झारखंड में) भाजपा समर्थित निर्दलीय उम्मीदवार परिमल नाथवानी जी ने आवेदन में अपना नाम ही गलत लिखा और कई ज़रूरी जानकारी भी नहीं दीं। इसके बावजूद निर्वाचन आयोग ने उन्हें सब कुछ ठीक करने के लिए और समय दे दिया।’’

राहुल गांधी ने दावा किया, ‘‘निर्वाचन आयोग वही था। उम्मीदवार दो थे। एक को बिना सुनवाई के ही अयोग्य घोषित कर दिया गया। दूसरे को नियमों का पालन न करने के बावजूद फ़ायदा पहुंचाया गया।’’

उन्होंने कहा, ‘‘जब कांग्रेस ने मिलने की मांग की, तो निर्वाचन आयोग ने पहले तो हमें टालने की कोशिश की। जब आख़िरकार हमारे नेताओं की मुलाकात हुई तो उन्होंने एक शब्द भी नहीं कहा। आगे भी आपको ऐसा ही बहुत कुछ देखने को मिलेगा क्योंकि भाजपा के लिए चुनाव जीतने के मुक़ाबले चुनाव में धांधली करना कहीं ज़्यादा आसान है।’’

भाषा हक हक नरेश

नरेश