Breaking News

कश्मीर के गुलमर्ग में LOC के पास रहस्यमयी ब्लास्ट, 1 शख्स की मौत, 4 घायल     |   दिल्ली-NCR से कश्मीर तक 6.2 तीव्रता से कांपी धरती, अफगानिस्तान बना भूकंप का केंद्र     |   दिल्ली-NCR और जम्मू-कश्मीर में महसूस किए गए भूकंप के तेज झटके     |   राम मंदिर ट्रस्ट में बड़े बदलाव की तैयारी, 11 जुलाई की बैठक में नए महासचिव पर फैसला संभव     |   राम मंदिर ट्रस्ट से चंपत राय-अनिल मिश्रा का इस्तीफा, बैठक में तय होगी अगली भूमिका     |  

अमेरिकी रियल एस्टेट कंपनी ओपनडोर ने भारत में अपना कामकाज बंद किया, 250 कर्मचारी होंगे प्रभावित

नयी दिल्ली, 11 जून (भाषा) रियल एस्टेट मंच ओपन डोर भारत में अपना कामकाज बंद कर रहा है। इस कदम से लगभग 250 कर्मचारियों पर असर पड़ेगा। कंपनी अब कृत्रिम मेधा (एआई) आधारित प्रक्रियाओं पर ध्यान दे रही है और अपने कामकाज को अमेरिका में स्थानातंरित कर रही है।

ओपनडोर के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) काज नेजैटियन ने कर्मचारियों को भेजे ज्ञापन में कहा, ‘‘जब हमने कुछ महीने पहले ओपनडोर 2.0 पेश किया था, तब मंच के भारत में लगभग 250 कर्मचारी थे। पिछले कुछ महीनों में, इनमें से कुछ काम अमेरिका में स्थानांतरित कर दिए गए हैं।

उन्होंने कहा, ‘‘आज, हम इन कामों को अमेरिका में अपने ग्राहकों के करीब लाने की प्रक्रिया पूरी कर रहे हैं और भारत में अपने कामकाज को बंद करने की प्रक्रिया शुरू कर रहे हैं। इससे भारत में हमारे उन सभी साथियों पर असर पड़ेगा जिन्होंने ओपनडोर के लिए बहुत अच्छा काम किया है।’’

नेजैटियन ने भारत से कामकाज समेटने की वजह बताते हुए कहा कि अमेरिका की इस रियल एस्टेट कंपनी ने पहले अलग-अलग प्रणाली में ‘मैन्युअल’ काम को संभालने के लिए भारत में एक बड़ी टीम बनाई थी।

ज्ञापन में कहा गया है, ‘‘जैसे-जैसे हमने इन प्रणाली को एक साथ किया है और पूरे अमेरिका में ग्राहकों से सीधे जुड़ने वाली छोटी एआई आधारित टीमें बनाई हैं, हमें जरूरत है कि यह सारा कामकाज आमने-सामने और ग्राहकों के करीब रहकर किया जाए।’’

कंपनी ने यह भी कहा कि प्रभावित कर्मचारियों को पैकेज दिए जाएंगे, जिसमें नौकरी छूटने पर मिलने वाली क्षतिपूर्ति और दूसरी नौकरी खोजने में मदद जैसी सुविधाएं शामिल हैं।

भाषा रमण

रमण