मंगलुरु, 11 जून (भाषा) कर्नाटक के उडुपी जिले में एक हादसे में नारियल के पेड़ से गिरा नारियल डेढ़ वर्षीय बच्चे के सिर पर लगने से उसकी मौत हो गई। मृतक की पहचान दक्ष पुजारी के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, यह घटना बुधवार को ब्रह्मावर के निकट हेरांजे गांव में हुई। बच्चे की मां सुचित्रा अपनी छह वर्षीय बेटी को स्कूल छोड़ने जा रही थीं। बारिश थम जाने के कारण वह अपने डेढ़ वर्षीय बेटे दक्ष को भी साथ ले गई थीं।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, सड़क किनारे स्थित एक नारियल के पेड़ से अचानक एक नारियल टूटकर सीधे बच्चे के सिर पर आ गिरा। उस समय बच्चा अपनी मां की गोद में था। नारियल लगने से उसके सिर में गंभीर चोट आई।
स्थानीय लोगों की मदद से बच्चे को तुरंत मणिपाल के एक अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसकी जान बचाने के लिए सिर की सर्जरी की। हालांकि, गहन उपचार के बावजूद बच्चे ने शाम को दम तोड़ दिया।
इस दुखद घटना से इलाके में शोक की लहर है। स्थानीय लोगों और पड़ोसियों ने इसे अत्यंत दुर्लभ एवं दुर्भाग्यपूर्ण हादसा बताया है।
भाषा
सं, राजेंद्र रवि कांत