ईटानगर, 11 जून (भाषा) अरुणाचल प्रदेश पुलिस ने कैपिटल कॉम्प्लेक्स क्षेत्र में दो अलग-अलग घटनाओं में महिलाओं का पीछा करने, उनके घरों में जबरन घुसने और शीलभंग करने के आरोप में 19 वर्षीय एक मनचले को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
ईटानगर राजधानी क्षेत्र (नाहरलागुन) के पुलिस अधीक्षक (एसपी) न्येलम नेगा ने बताया कि आरोपी की पहचान पूर्वी कामेंग जिले के सेप्पा निवासी जॉन लोडा के रूप में हुई है, जिसे नौ जून को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस के अनुसार, पहली घटना सात जून को तड़के करीब तीन बजे हुई। एक महिला ने नाहरलागुन थाने में शिकायत दर्ज कराई कि एक अज्ञात व्यक्ति उसका पीछा कर रहा है और उसके घर में घुसने की कोशिश कर रहा है।
अधिकारी ने बताया कि घुसपैठिये के पास दो कैंचियां मौजूद थीं और उसने खिड़की तथा दरवाजे से जबरन अंदर घुसने का प्रयास किया, जिससे पीड़िता बुरी तरह सहम गई।
इस पहले प्रयास के महज 30 मिनट के भीतर निर्जुली थाने के अधिकार क्षेत्र में आने वाले लेखी इलाके से दूसरी घटना की सूचना मिली।
पुलिस ने बताया कि उसी घुसपैठिये ने कथित तौर पर एक युवती के किराए के कमरे में तब प्रवेश किया जब वह सो रही थी। उसने पीड़िता का मुंह दबा दिया और शीलभंग करने के इरादे से कैंची से उसके कपड़े काट दिए।
एसपी ने कहा, 'पीड़िता ने अद्भुत साहस का परिचय देते हुए हमलावर का मुकाबला किया और उसका विरोध किया। इस संघर्ष के दौरान, आरोपी ने मौके से भागने से पहले पीड़िता के चेहरे पर मामूली चोटें पहुंचाईं।'
एसपी ने हमलावर का विरोध करने और मामले की तुरंत सूचना देने के लिए महिलाओं की बहादुरी की सराहना की है।
पुलिस ने बताया कि नाहरलागुन थाने में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 331(6) (घर में जबरन घुसना), 78(2) (पीछा करना) और 351(2) (आपराधिक धमकी) के तहत मामला दर्ज किया गया है।
भाषा सुमित माधव
माधव