नयी दिल्ली, 11 जून (भाषा) केंद्रीय पत्तन, पोत परिवहन और जलमार्ग मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने ओमान तट के निकट एक वाणिज्यिक पोत पर अमेरिकी सैन्य हमले के बाद पलाऊ के ध्वज वाले तेल टैंकर एमटी सेटेबेलों पर सवार तीन भारतीय नाविकों की मौत की बृहस्पतिवार को पुष्टि की।
उन्होंने बताया कि शव बरामद कर उनकी पहचान कर ली गयी है। पहले इन नाविकों को लापता बताया गया था।
सोनोवाल ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा कि पलाऊ के ध्वज वाले एमटी सेटेबेलो जहाज पर हुई दुर्भाग्यपूर्ण घटना के बारे में जानकर बहुत दुख हुआ है।
उन्होंने कहा, ‘‘दुर्भाग्यवश, जिन तीन भारतीय नाविकों को पहले लापता बताया गया था, उनके शव अब बरामद कर लिए गए हैं और उनकी पहचान कर ली गयी है।’’
मंत्री ने कहा कि यह ‘‘हमारे समुद्री परिवार के लिए गहरा आघात’’ है।
उन्होंने कहा, ‘‘इस कठिन समय में मोदी सरकार शोक संतप्त परिवारों के साथ मजबूती से खड़ी है और मृतकों के परिजनों को हरसंभव सहायता देने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।’’
सोनोवाल ने बताया कि उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि बचाए गए चालक दल के सदस्यों को तत्काल भारत वापस लाने और नाविकों के शवों को अंतिम संस्कार के लिए शीघ्र स्वदेश लाने की व्यवस्था की जाए।
भारत ने बुधवार को अमेरिकी दूतावास के प्रभारी अधिकारी को तलब किया था और ओमान के तट के पास भारतीय चालक दल के सदस्यों वाले एक वाणिज्यिक पोत पर अमेरिकी हमले को लेकर कड़ा विरोध दर्ज कराया था।
वाणिज्यिक पोत सेटेबेलो पर यह हमला तब हुआ, जब इसके दो दिन पहले ही पलाऊ के झंडे वाले एक जहाज पर अमेरिकी नौसेना ने हमला किया था, जिसमें 24 भारतीय सवार थे। यह जहाज ईरानी बंदरगाहों की अमेरिकी नाकेबंदी से बचने की कोशिश कर रहा था।
अमेरिकी सेंट्रल कमांड ने हमले की बात स्वीकार करते हुए कहा कि यह जहाज ईरान से तेल ले जाने की कोशिश कर रहा था और इस तरह ईरानी बंदरगाहों पर लागू अमेरिकी नाकेबंदी का उल्लंघन कर रहा था।
उसने एक बयान में कहा था, ‘‘अमेरिकी सेंट्रल कमांड ने ओमान की खाड़ी से गुजर रहे पलाऊ के ध्वज वाले पोत एम/टी सेटेबेलो को निष्क्रिय कर दिया। अमेरिकी बलों के निर्देशों का चालक दल द्वारा बार-बार पालन नहीं किए जाने के बाद एक अमेरिकी विमान ने जहाज के इंजन कक्ष पर सटीक निर्देशित हथियारों से हमला किया।’’
भारत के विदेश मंत्रालय ने एक बयान में बुधवार को हमले की निंदा की।
विदेश मंत्रालय ने कहा, ‘‘हम ओमान तट के पास वाणिज्यिक पोत ‘सेटेबेलो’ पर हुए हमले की निंदा करते हैं। जहाज पर मौजूद चालक दल के 24 भारतीय सदस्यों में से अब तक 21 भारतीयों को बचा लिया गया है और तीन भारतीयों के लापता होने की खबर है।’’
यह घटना ऐसे समय हुई, जब ईरान और इजराइल के बीच शत्रुता एक बार फिर बढ़ गई है। उत्तरी इजराइल पर ईरानी मिसाइल हमलों के जवाब में इजराइल ने पश्चिमी और मध्य ईरान के कई ठिकानों पर हवाई हमले किए।
भाषा
गोला मनीषा
मनीषा