Breaking News

कश्मीर के गुलमर्ग में LOC के पास रहस्यमयी ब्लास्ट, 1 शख्स की मौत, 4 घायल     |   दिल्ली-NCR से कश्मीर तक 6.2 तीव्रता से कांपी धरती, अफगानिस्तान बना भूकंप का केंद्र     |   दिल्ली-NCR और जम्मू-कश्मीर में महसूस किए गए भूकंप के तेज झटके     |   राम मंदिर ट्रस्ट में बड़े बदलाव की तैयारी, 11 जुलाई की बैठक में नए महासचिव पर फैसला संभव     |   राम मंदिर ट्रस्ट से चंपत राय-अनिल मिश्रा का इस्तीफा, बैठक में तय होगी अगली भूमिका     |  

जम्मू कश्मीर राजमार्ग पर मरम्मत कार्य के कारण रात्रिकालीन यातायात निलंबित रहेगा

जम्मू, 11 जून (भाषा) जम्मू कश्मीर के रामबन जिले में विभिन्न स्थानों पर मरम्मत और सड़क की नयी परत बिछाने के कार्य के लिए 12 जून से कई तारीखों पर जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर रात्रिकालीन यातायात निलंबित रहेगा।

एक आधिकारिक आदेश के अनुसार, 12-13 जून, 14-15 जून और 16-17 जून की मध्यरात्रि में रात 10 बजे से सुबह पांच बजे तक नाशरी और नवयुग सुरंग के बीच यातायात पूरी तरह बंद रहेगा।

रामबन जिले के मजिस्ट्रेट ने तीन जुलाई से शुरू होने वाली अमरनाथ यात्रा से पहले मरम्मत कार्य कराने के लिए इसकी अनुमति प्रदान की है।

आदेश में कहा गया है कि निर्धारित पाबंदी को देखते हुए प्रभावित तारीखों पर शाम पांच बजे के बाद उधमपुर से रामबन, बनिहाल और श्रीनगर की ओर किसी भी वाहन को जाने की अनुमति नहीं होगी।

इसी प्रकार, रात आठ बजे के बाद काजीगुंड से बनिहाल, रामबन, उधमपुर और जम्मू की ओर किसी भी वाहन को जाने की अनुमति नहीं दी जाएगी।

अधिकारियों के अनुसार, यात्रियों और वाहन चालकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए यह यातायात प्रतिबंध लगाया गया है, क्योंकि भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण द्वारा सड़क पर डामर की नयी परत बिछाने का कार्य किया जाएगा।

अधिकारियों ने यात्रियों से अनुरोध किया है कि वे 13, 15 और 17 जून को राष्ट्रीय राजमार्ग पर यात्रा शुरू करने से पहले यातायात की स्थिति की जानकारी अवश्य प्राप्त कर लें।

भाषा गोला मनीषा

मनीषा