चंडीगढ़, 11 जून (भाषा) हरियाणा के हांसी में बृहस्पतिवार तड़के दो अज्ञात बाइक सवार हमलावरों ने एक जिम मालिक की गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि यह घटना सुबह करीब 5:30 बजे फव्वारा चौक के पास हुई। उस समय जींद जिले के एक गांव का निवासी 26 वर्षीय कपिल, जो जिम मालिक था, छह से सात लोगों के एक समूह को खुले में व्यायाम सत्र करा रहा था।
घटना का एक सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है।
हांसी के पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय) विनोद शंकर ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि दो लोग मोटरसाइकिल पर आए और उनमें से एक ने फिटनेस प्रशिक्षक पर गोली चला दी।
डीएसपी विनोद शंकर ने बताया कि हमलावर ने पीड़ित पर 10 गोलियां चलाईं।
उन्होंने कहा कि कपिल हांसी में एक फिटनेस सेंटर चलाता था और हाल ही में उसने अपना व्यवसाय उसी क्षेत्र में एक नए स्थान पर स्थानांतरित किया था।
डीएसपी ने बताया कि हत्या के मकसद की जांच की जा रही है और आरोपियों को पकड़ने के लिए पुलिस की टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं।
उन्होंने कहा कि कपिल की मां ने पुलिस को बताया है कि उसने करीब तीन वर्ष पहले कोर्ट मैरिज की थी।
सीसीटीवी फुटेज में कपिल सुबह-सुबह फव्वारा चौक के पास सीढ़ियों पर ‘स्टेप-अप’ व्यायाम कर रहे लोगों के एक छोटे समूह को निर्देश देता दिखाई दे रहा है। उस समय सभी लोग सड़क की ओर पीठ किए हुए और बंद दुकानों की तरफ मुंह करके खड़े थे।
सीसीटीवी फुटेज में नजर आता है कि इसी दौरान दो युवक मोटरसाइकिल पर वहां पहुंचते हैं। बाइक चला रहा व्यक्ति हेलमेट पहने हुए था, जबकि पीछे बैठा युवक सफेद टोपी लगाए हुए था और उसने कपड़े से अपना चेहरा ढक रखा था। सफेद टोपी पहना युवक बाइक से उतरता है और कपिल पर ताबड़तोड़ कई गोलियां चला देता है। गोली लगने पर कपिल पीछे मुड़ता है, लेकिन कई गोलियां लगने के बाद जमीन पर गिर पड़ता है, जबकि हमलावर मौके से फरार हो जाते हैं।
अधिकारियों ने बताया कि कपिल को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
अधिकारियों ने बताया कि हमलावरों का पता लगाने और उन्हें गिरफ्तार करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
भाषा तान्या मनीषा
मनीषा