Breaking News

तीन दिन के दौरे पर सेशेल्स पहुंचे PM मोदी, राष्ट्रपति पैट्रिक हर्मिनी ने किया गर्मजोशी से स्वागत     |   सेशेल्स पहुंचे प्रधानमंत्री मोदी, स्वागत के साथ शुरू हुआ तीन दिवसीय आधिकारिक दौरा     |   मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के करीबी हनुमानगढ़ी के महंत संत रामदास का निधन     |   राबड़ी देवी को सरकारी बंगला खाली करने का आखिरी नोटिस, नए घर में शिफ्टिंग की तैयारी     |   तीन जुलाई से शुरू होगी अमरनाथ यात्रा     |  

रुपया शुरुआती कारोबार में 32 पैसे टूटकर 95.57 प्रति डॉलर पर

मुंबई, 11 जून (भाषा) रुपया बृहस्पतिवार को शुरुआती कारोबार में 32 पैसे टूटकर अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 95.57 पर पहुंच गया। अमेरिका और ईरान के बीच जारी तनाव के कारण वैश्विक स्तर पर कच्चे तेल की कीमतों में बढ़ोतरी से घरेलू मुद्रा पर दबाव है।

इसके अलावा विदेशी मुद्रा की निरंतर निकासी, घरेलू शेयर बाजारों के कमजोर रुख और डॉलर में मामूली मजबूती ने भी स्थानीय मुद्रा पर दबाव डाला।

अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 95.55 प्रति डॉलर पर खुला और फिर टूटकर 95.57 प्रति डॉलर पर पहुंच गया।

रुपया बुधवार को 16 पैसे की बढ़त के साथ अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 95.25 पर बंद हुआ था। अत्यधिक उतार-चढ़ाव को रोकने तथा घरेलू मुद्रा में और गिरावट को थामने के लिए भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) के संभावित हस्तक्षेप से रुपये को समर्थन मिला था।

इस बीच, छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की स्थिति को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.01 प्रतिशत की बढ़त के साथ 99.95 पर रहा।

घरेलू शेयर बाजारों में सेंसेक्स शुरुआती कारोबार में 358.54 अंक टूटकर 73,624.64 अंक पर जबकि निफ्टी 117 अंक फिसलकर 23,098.30 अंक पर रहा।

अंतरराष्ट्रीय मानक ब्रेंट क्रूड का भाव 1.65 प्रतिशत की बढ़त के साथ 94.64 डॉलर प्रति बैरल के आसपास रहा।

शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) बुधवार को शुद्ध बिकवाल रहे थे और उन्होंने 2,124.98 करोड़ रुपये के शेयर बेचे।

भाषा निहारिका

निहारिका