वाशिंगटन, 10 जून (भाषा) अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बुधवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को भारत के सबसे लंबे समय तक सेवा करने वाले निर्वाचित प्रधानमंत्री बनने पर बधाई दी।
मोदी ने बुधवार को 4,399 दिनों के लगातार कार्यकाल के साथ भारत के सबसे लंबे समय तक सेवा देने वाले निर्वाचित प्रधानमंत्री बनने का कीर्तिमान स्थापित किया। उन्होंने देश के पहले प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू का 4,398 दिनों का रिकॉर्ड पीछे छोड़ दिया।
ट्रंप ने 'ट्रुथ सोशल' पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘मेरे मित्र प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को भारत के सबसे लंबे समय तक सेवा देने वाले प्रधानमंत्री बनने पर हार्दिक बधाई। वह एक प्रभावशाली नेता हैं।’’
उन्होंने कहा, ‘‘मोदी एक मजबूत, स्वस्थ और बुद्धिमान नेता हैं तथा आने वाले वर्षों में भी उनके नेतृत्व में अनेक बड़ी उपलब्धियां और सफलताएं हासिल होंगी।’’
इस संदेश का जवाब देते हुए मोदी ने ‘एक्स’ पर कहा, ‘‘राष्ट्रपति ट्रंप, आपकी हार्दिक शुभकामनाओं के लिए धन्यवाद। मैं भारत-अमेरिका व्यापक वैश्विक रणनीतिक साझेदारी को और आगे बढ़ाने के लिए आपके साथ मिलकर काम करने को उत्सुक हूं, ताकि हमारे दोनों देशों और पूरी दुनिया को इसका लाभ मिल सके।’’
एप्पल के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) टिम कुक ने भी इस उपलब्धि के लिए मोदी को बधाई दी।
भाषा आशीष रंजन
रंजन