Breaking News

तीन दिन के दौरे पर सेशेल्स पहुंचे PM मोदी, राष्ट्रपति पैट्रिक हर्मिनी ने किया गर्मजोशी से स्वागत     |   सेशेल्स पहुंचे प्रधानमंत्री मोदी, स्वागत के साथ शुरू हुआ तीन दिवसीय आधिकारिक दौरा     |   मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के करीबी हनुमानगढ़ी के महंत संत रामदास का निधन     |   राबड़ी देवी को सरकारी बंगला खाली करने का आखिरी नोटिस, नए घर में शिफ्टिंग की तैयारी     |   तीन जुलाई से शुरू होगी अमरनाथ यात्रा     |  

देहरादून में आठ माह की गर्भवती पत्नी से मारपीट, अजन्मे बच्चे की मौत

देहरादून, 10 जून (भाषा) उत्तराखंड पुलिस ने एक व्यक्ति को अपनी आठ माह की गर्भवती पत्नी से कथित तौर पर मारपीट करने के आरोप में गिरफ्तार किया है। इस मारपीट में उनके अजन्मे बच्चे की मौत हो गयी। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि देहरादून के विकास नगर निवासी सीमा की हालत अब भी गंभीर है और वह दून अस्पताल में भर्ती हैं। डॉक्टरों ने मंगलवार को सर्जरी कर मृत शिशु को निकाला।

पुलिस के अनुसार, सीमा की शादी सात साल पहले बबलू से हुई थी। हरियाणा के पानीपत के मूल निवासी बबलू विकास नगर में रह रहे थे। दंपति की दो बेटियां हैं।

शुक्रवार को सीमा और बबलू के बीच विवाद हो गया और इस दौरान बबलू ने पत्नी के पेट पर कथित तौर पर लात मारी और डंडे से पीटा। इस हमले में सीमा के गर्भ में पल रहे आठ माह के शिशु की मौत हो गई।

मामला तब सामने आया जब पीड़िता के पिता शेर सिंह अपनी बेटी से मिलने आए, लेकिन आरोपी ने उन्हें घर में घुसने नहीं दिया।

सिंह की सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आरोपी व पीड़िता दोनों को सहसपुर थाने ले गई। गंभीर हालत के कारण सीमा को पहले सहसपुर अस्पताल ले जाया गया, जहां से उन्हें दून अस्पताल भेज दिया गया।

चिकित्सकों ने शिशु की मृत्यु की पुष्टि की।

सहसपुर के उप-निरीक्षक नीरज त्यागी ने बताया कि सीमा के पिता की शिकायत पर बबलू के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।

सहसपुर के थाना प्रभारी प्रदीप रावत ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि प्रारंभिक जांच में विवाद की वजह प्लॉट का सौदा सामने आई है।

उन्होंने कहा, ‘‘आरोपी का कहना है कि उसने अपनी पत्नी के नाम से एक प्लॉट खरीदा था, जिसे पत्नी ने उसकी जानकारी के बिना बेचकर रकम अपने माता-पिता को दे दी।’’

भाषा

खारी रंजन

रंजन