नयी दिल्ली, 10 जून (भाषा) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बुधवार को भारत के सबसे लंबे समय तक निर्वाचित प्रधानमंत्री बनने की उपलब्धि पर लोगों से मिली शुभकामनाओं के लिए आभार व्यक्त किया और कहा कि देश की सेवा करने का अवसर मिलना उनके लिए सौभाग्य की बात है।
मोदी ने देश के पहले प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू का 4,398 दिनों का रिकॉर्ड पीछे छोड़ दिया।
प्रधानमंत्री ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘आज और पिछले कुछ दिनों में विभिन्न क्षेत्रों के लोगों की ओर से मिली शुभकामनाओं से मैं अभिभूत हूं। भले ही मैं हर संदेश का अलग-अलग जवाब न दे पाया हूं, लेकिन मुझे मिली हर शुभकामना मेरे लिए अत्यंत मूल्यवान है।’’
प्रधानमंत्री ने कहा कि वह भारत की सेवा करने और देश की विकास यात्रा में योगदान देने का अवसर मिलना अपना सौभाग्य मानते हैं।
मोदी ने कहा, ‘‘पिछले कुछ वर्षों में, भारत के लोगों ने बार-बार स्थिरता, सुशासन और विकास के लिए वोट दिया है। उनका भरोसा ही मेरी सबसे बड़ी ताकत है। मैं विकसित भारत के संकल्प को साकार करने और 140 करोड़ भारतीयों की आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए और भी ज़्यादा समर्पण के साथ काम करने के लिए प्रतिबद्ध हूं।’’
भाषा आशीष रंजन
रंजन