Breaking News

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के करीबी हनुमानगढ़ी के महंत संत रामदास का निधन     |   राबड़ी देवी को सरकारी बंगला खाली करने का आखिरी नोटिस, नए घर में शिफ्टिंग की तैयारी     |   तीन जुलाई से शुरू होगी अमरनाथ यात्रा     |   महाराष्ट्र के ठाणे में TET का पेपर लीक, कल होने वाली थी परीक्षा     |   AAP ने कल अमृतसर में बुलाई विधायकों की बैठक     |  

प्रधानमंत्री मोदी ने राजग की बैठक में साझा की झालमुड़ी

(फोटो सहित)

नयी दिल्ली, 10 जून (भाषा) भारत मंडपम में बुधवार को सत्तारूढ़ राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार की 12वीं वर्षगांठ के आयोजन में झालमुड़ी एक बार फिर राजनीतिक चर्चा का केंद्र बन गई।

एक बार फिर इसका श्रेय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को जाता है, जिन्होंने पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दौरान प्रचार अभियान के बीच रुककर इस लोकप्रिय बंगाली नाश्ते का स्वाद लिया था, जिसके बाद इसकी मांग में जबरदस्त बढ़ोतरी देखी गई थी।

प्रधानमंत्री मोदी ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो क्लिप साझा की, जिसमें पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री उन्हें राजग के कार्यक्रम स्थल पर लगाए गए एक अस्थायी स्टॉल पर झालमुड़ी परोसते हुए दिखाई दे रहे हैं।

इन तस्वीरों ने पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनावों की यादें ताजा कर दीं, जब मोदी के झालमुड़ी खाने के लिए रूकने पर तृणमूल कांग्रेस प्रमुख और तत्कालीन मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने इसे 'नाटक' करार देते हुए तंज कसा था।

तब मोदी ने पलटवार करते हुए कहा था कि उन्हें झालमुड़ी अच्छी लगी, लेकिन टीएमसी को 'झाल' (गर्मी) महसूस हुई।

चुनावों में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के हाथों तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) की करारी हार के बाद, बुधवार को मोदी ने एक बार फिर इस बात की ओर हल्के-फुल्के अंदाज़ में इशारा किया।

मोदी ने वीडियो के साथ लिखा, ‘‘आज राजग की बैठक में गठबंधन के साथी नेताओं के साथ झालमुड़ी का आनंद लेते हुए।'

जब प्रधानमंत्री झालमुड़ी खा रहे थे, तब भाजपा प्रमुख नितिन नवीन, केंद्रीय मंत्री एच डी कुमारस्वामी और चिराग पासवान, राष्ट्रीय लोक मोर्चा के प्रमुख उपेंद्र कुशवाहा, उत्तर प्रदेश के मंत्री संजय निषाद और बोडोलैंड पीपुल्स फ्रंट के प्रमुख हाग्रामा मोहिलारी उनके पास खड़े थे।

जब अधिकारी ने मोदी को झालमुड़ी दी, तो प्रधानमंत्री ने उन्हें धन्यवाद कहा। इसके बाद मोदी ने नवीन और निषाद को भी झालमुड़ी दी।

कार्यक्रम के दौरान, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह भी झालमुड़ी काउंटर पर रुके।

प्रधानमंत्री द्वारा ‘एक्स’ पर साझा की गई तस्वीरों में केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल और रामदास आठवले भी झालमुड़ी का आनंद लेते हुए नजर आए।

मोदी ने ‘एक्स’ पर कुछ तस्वीरें साझा करते हुए लिखा, ‘‘भारत मंडपम में राजग की बैठक के दौरान झालमुड़ी का ब्रेक। हमारे सभी नेताओं ने झालमुड़ी का भरपूर आनंद लिया!’’

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव प्रचार के दौरान 19 अप्रैल को झाड़ग्राम में मोदी के एक झालमुड़ी दुकान पर अचानक रुकने के बाद यह आम नाश्ता राजनीतिक चर्चा में छा गया।

भाषा आशीष रंजन

रंजन