Breaking News

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के करीबी हनुमानगढ़ी के महंत संत रामदास का निधन     |   राबड़ी देवी को सरकारी बंगला खाली करने का आखिरी नोटिस, नए घर में शिफ्टिंग की तैयारी     |   तीन जुलाई से शुरू होगी अमरनाथ यात्रा     |   महाराष्ट्र के ठाणे में TET का पेपर लीक, कल होने वाली थी परीक्षा     |   AAP ने कल अमृतसर में बुलाई विधायकों की बैठक     |  

ओमान के पास वाणिज्यिक पोत पर हमले में चालक दल के 3 भारतीय सदस्य लापता

नयी दिल्ली, 10 जून (भाषा) ओमान के तट पर बुधवार को हमले का शिकार हुए एक वाणिज्यिक जहाज पर मौजूद चालक दल के 24 भारतीय सदस्यों में से तीन लापता हैं। भारत ने इस हमले की कड़ी निंदा की है।

अपनी प्रतिक्रिया में नयी दिल्ली ने कहा कि पश्चिम एशिया में वाणिज्यिक नौवहन और आम लोगों के लिए जरूरी बुनियादी ढांचे को निशाना बनाना बंद होना चाहिए, और अंतरराष्ट्रीय जलमार्गों पर बिना किसी रुकावट के आवाजाही जल्द से जल्द बहाल की जानी चाहिए।

वाणिज्यिक पोत ‘सेटेबेलो’ पर यह हमला तब हुआ, जब इसके दो दिन पहले ही पलाओ के झंडे वाले एक जहाज़ पर, जिसमें 24 भारतीय सवार थे, अमेरिकी नौसेना ने हमला किया था। यह जहाज़ ईरानी बंदरगाहों की अमेरिकी नाकेबंदी से बचने की कोशिश कर रहा था।

विदेश मंत्रालय (एमईए) ने कहा, “हम आज ओमान तट के पास वाणिज्यिक पोत ‘सेटेबेलो’ पर हुए हमले की निंदा करते हैं। जहाज पर मौजूद चालक दल के 24 भारतीय सदस्यों में से अब तक 21 भारतीयों को बचा लिया गया है और तीन भारतीयों के लापता होने की खबर है।”

इसमें कहा गया है कि ओमान में भारतीय दूतावास स्थिति पर करीबी नज़र रख रहा है और जारी खोज और बचाव अभियान में स्थानीय अधिकारियों के साथ सक्रिय रूप से समन्वय कर रहा है।

विदेश मंत्रालय ने कहा, “इस इलाके में जहाजों पर लगातार हो रहे हमले बेहद चिंताजनक हैं और ये इलाके में चल रहे संघर्ष का सीधा नतीजा हैं।”

इसमें कहा गया, “हम तनाव को तुरंत कम करने और कूटनीतिक समाधान के लिए चल रही बातचीत को पूरा करने की अपनी मांग दोहराते हैं, ताकि क्षेत्र में शांति और स्थिरता लौट सके।”

भाषा प्रशांत सुभाष

सुभाष