Breaking News

महाराष्ट्र के ठाणे में TET का पेपर लीक, कल होने वाली थी परीक्षा     |   AAP ने कल अमृतसर में बुलाई विधायकों की बैठक     |   पीएम मोदी ने कोलंबिया के राष्ट्रपति चुनाव में जीत पर एबेलार्डो को दी बधाई     |   अमेरिका के लिए पछतावे का कारण बनेगा सीजफायर का उल्लंघन: ईरान     |   कतर के रास लाफान दुर्घटना, 8 भारतीयों का शव आज पहुंचा इंडिया     |  

महाराष्ट्र: महिला सहकर्मियों से दुर्व्यवहार और वित्तीय अनियमितताओं के आरोप में प्रोफेसर निलंबित

लातूर, 10 जून (भाषा) महाराष्ट्र के लातूर में एक महाविद्यालय ने अंग्रेजी के एक प्रोफेसर को निलंबित कर दिया है, क्योंकि मराठवाड़ा विश्वविद्यालय ने उसे महिला सहकर्मियों के साथ कथित तौर पर दुर्व्यवहार करने, प्रशासनिक लापरवाही बरतने और वित्तीय अनियमितताओं के सिलसिले में प्रथम दृष्टया दोषी पाया है।

लातूर स्थित महात्मा बसवेश्वर शिक्षण संस्था ने स्वामी रामानंद तीर्थ मराठवाड़ा विश्वविद्यालय के निर्देश पर अंग्रेजी विभाग के डॉ. राजकुमार लाखदीवे को निलंबित किया है।

संस्था के अनुसार, विश्वविद्यालय द्वारा नियुक्त प्रारंभिक जांच समिति ने लाखदीवे के खिलाफ शिकायतों की विस्तृत जांच की और अपनी रिपोर्ट विश्वविद्यालय को सौंपी।

समिति ने आरोपी को कई उल्लंघनों का जिम्मेदार पाया। इसके बाद विश्वविद्यालय के कुलपति ने रिपोर्ट स्वीकार करते हुए विभागीय जांच लंबित रहने तक प्रोफेसर को निलंबित करने की अनुमति दी।

कॉलेज की कई महिला कर्मचारियों ने लाखदीवे के खिलाफ अनुचित व्यवहार की शिकायतें दर्ज कराई थीं। आरोप है कि वह डांडिया कार्यक्रमों के दौरान महिला प्रतिभागियों के वीडियो बनाता था, महिला कर्मचारियों को अपने कार्यालय में लंबे समय तक गैर-शैक्षणिक बातों में उलझाए रखता था और दोहरे अर्थ वाली टिप्पणियां करता था।

जांच समिति को कर्तव्य में लापरवाही के भी मामले मिले। आरोप है कि वह अपने विषय की कक्षाएं नहीं लेता था, अनियमित रूप से उपस्थित रहता था और अनुपस्थित रहने के बावजूद उपस्थिति रजिस्टर पर हस्ताक्षर करता था।

भाषा खारी सुरेश

सुरेश