नयी दिल्ली, 10 जून (भाषा) तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय ने बुधवार को यहां राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से शिष्टाचार मुलाकात की।
राष्ट्रपति कार्यालय ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर एक पोस्ट में इस मुलाकात की एक तस्वीर साझा की।
राष्ट्रपति कार्यालय ने पोस्ट में कहा, 'तमिलनाडु के मुख्यमंत्री श्री सी. जोसेफ विजय ने राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात की।'
बुधवार को तीन दिवसीय यात्रा पर दिल्ली पहुंचे विजय ने उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन से भी मुलाकात की।
उपराष्ट्रपति कार्यालय ने 'एक्स' पर पोस्ट किया, 'उपराष्ट्रपति ने मुख्यमंत्री को अपनी हार्दिक शुभकामनाएं दीं और उम्मीद जताई कि तमिलनाडु शांति, प्रगति और समृद्धि से भरपूर एक राज्य के रूप में नई ऊंचाइयों को छुएगा।'
इसके बाद, तमिलगा वेत्री कषगम (टीवीके) के संस्थापक ने 10 जनपथ पर कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी से मुलाकात की।
कांग्रेस, तमिलनाडु में टीवीके के नेतृत्व वाले सत्तारूढ़ गठबंधन का एक घटक दल है।
विजय 11 जून को नीति आयोग की शासी परिषद की बैठक में भाग लेंगे, जिसकी अध्यक्षता प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी करने वाले हैं।
भाषा सुमित नरेश
नरेश