Breaking News

पीएम मोदी ने कोलंबिया के राष्ट्रपति चुनाव में जीत पर एबेलार्डो को दी बधाई     |   अमेरिका के लिए पछतावे का कारण बनेगा सीजफायर का उल्लंघन: ईरान     |   कतर के रास लाफान दुर्घटना, 8 भारतीयों का शव आज पहुंचा इंडिया     |   प्रियंका गांधी ने वायनाड के कल्पेट्टा में किया आंगनवाड़ी केंद्र का उद्घाटन     |   जंग खत्म करने को लेकर लेबनान और इजरायल में बड़ी डील     |  

हरियाणा: फरीदाबाद में मकान का छज्जा गिरने से महिला की मौत

फरीदाबाद, 10 जून (भाषा) हरियाणा में फरीदाबाद के बल्लभगढ़ स्थित सुभाष कॉलोनी के हरि विहार इलाके में बुधवार सुबह अपने मकान का छज्जा गिर जाने से 55-वर्षीय एक महिला की मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस के मुताबिक, यह घटना सुबह करीब छह बजे उस वक्त हुई, जब महिला छज्जे पर बने शौचालय में थी।

अचानक छज्जा और उस पर बना ढांचा ढह गया, जिससे महिला मलबे के नीचे दब गई और उसे गंभीर चोटें आईं।

आवाज सुनकर परिवार के सदस्य और पड़ोसी मौके पर पहुंचे और मलबा हटाया। हालांकि, पुलिस ने बताया कि जब तक महिला को बाहर निकाला गया, तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। मृतक महिला की पहचान जयावती के रूप में हुई है।

जयावती की बेटी संगीता ने बताया कि वह और उनकी दो बहनें गर्मियों की छुट्टियों में अपनी मां के घर आई हुई थीं।

बेटियों ने कहा कि वे अपने पिता को पहले ही खो चुकी थीं और अब इस हादसे ने पूरे परिवार को तोड़कर रख दिया है।

घटना की सूचना मिलने पर आदर्श नगर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना किया।

आदर्श नगर के थाना प्रभारी (एसएचओ) मनोज कुमार ने बताया, 'हमने शव को कब्जे में लेकर इसे पोस्टमार्टम के लिए बीके अस्पताल भेज दिया है।'

भाषा सुमित सुरेश

सुरेश