Breaking News

अमित शाह ने लॉन्च किया एंटी-ड्रग विजन, 3 साल में नेटवर्क खत्म करने का लक्ष्य     |   अयोध्या चंदा चोरी मामला: सभी आरोपियों को तीन दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा गया     |   चंदा केस: ट्रस्ट में रोज चोरी हो रही थी, अरबों रुपये कहां गए? - अरविंद केजरीवाल     |   बिहार: प्रशांत किशोर ने बांकीपुर विधानसभा सीट से उपचुनाव लड़ने का ऐलान किया     |   होर्मुज स्ट्रेट में असुरक्षा के लिए अमेरिका, इजरायल और सहयोगी देश जिम्मेदार: ईरान     |  

मणिपुर : छह लोगों के शव मिले, लापता नगा होने का संदेह

इंफाल, 10 जून (भाषा) मणिपुर पुलिस ने बुधवार को बताया कि उन्हें छह लोगों के शव बरामद हुए हैं, जिनके लापता नगा पुरुष होने की संभावना है। इन लोगों को कांगपोकपी जिले में सशस्त्र समूहों द्वारा बंधक बनाकर रखा गया था।

पुलिस ने बताया कि मणिपुर के सेनापति जिले में लगभग एक महीने पहले हथियारबंद समूहों द्वारा अगवा किए गए 14 कुकी लोगों को रिहा कराने की घटना के एक दिन बाद इन शवों को बरामद किया गया।

नगालैंड और मेघालय के मुख्यमंत्रियों ने 14 कुकी लोगों को रिहा कराने की घटना का स्वागत करते हुए छह नगा बंधकों की सुरक्षित रिहाई की अपील की थी।

पुलिस ने सोशल मीडिया ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘मणिपुर पुलिस, केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ)और असम राइफल्स के लगभग 450 जवानों के साथ खोजी कुत्तों और फोरेंसिक विशेषज्ञों की टीम की मदद से करीब 24 घंटे तक चले तलाशी अभियान के बाद, आज दोपहर छह शव बरामद किए गए। माना जा रहा है कि ये शव उन लोगों के हैं जिन्हें 13 मई, 2026 को लेइलोन वाइफेई से बंधक बनाया गया था।’’

पुलिस ने बताया कि 13 मई को कांगपोकपी जिले में चर्च के तीन नेताओं की हत्या के बाद अगवा किए गए लोगों में ये 14 कुकी और छह नगा लोग भी शामिल थे।

उसने कहा, ‘‘पुलिस ज़रूरी कानूनी कार्रवाई कर रही है और जांच जारी है।’’

अधिकारियों ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम और डीएनए जांच के लिए इंफाल के रिम्स (क्षेत्रीय आयुर्विज्ञान संस्थान)अस्पताल लाया जाएगा।

भाषा धीरज रंजन

रंजन