Breaking News

अमित शाह ने लॉन्च किया एंटी-ड्रग विजन, 3 साल में नेटवर्क खत्म करने का लक्ष्य     |   अयोध्या चंदा चोरी मामला: सभी आरोपियों को तीन दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा गया     |   चंदा केस: ट्रस्ट में रोज चोरी हो रही थी, अरबों रुपये कहां गए? - अरविंद केजरीवाल     |   बिहार: प्रशांत किशोर ने बांकीपुर विधानसभा सीट से उपचुनाव लड़ने का ऐलान किया     |   होर्मुज स्ट्रेट में असुरक्षा के लिए अमेरिका, इजरायल और सहयोगी देश जिम्मेदार: ईरान     |  

गुलमर्ग केबल कार की गड़बड़ियों के कारणों की जांच के लिए पांच सदस्यीय समिति गठित

श्रीनगर, 10 जून (भाषा) जम्मू-कश्मीर सरकार ने पिछले महीने गुलमर्ग केबल कार सेवाओं में आई खराबी के कारणों की जांच के लिये बुधवार को पांच-सदस्यीय एक समिति गठित की।

सामान्य प्रशासन विभाग (जीएडी) ने कश्मीर विद्युत वितरण निगम लिमिटेड के प्रबंध निदेशक महमूद शाह को समिति का अध्यक्ष नियुक्त किया है। समिति को 10 दिनों के भीतर रिपोर्ट सौंपने के लिए कहा गया है।

‘गंडोला राइड’ के नाम से चर्चित गुलमर्ग केबल कार सेवा में 25 मई को तकनीकी खराबी आ गई थी, जिससे 300 से ज़्यादा पर्यटक हवा में ही फंस गए थे।

सेना, पुलिस, राष्ट्रीय आपदा मोचन बल और राज्य आपदा मोचन दल के बड़े बचाव अभियान के बाद इन फंसे हुए पर्यटकों और स्थानीय गाइडों को सुरक्षित नीचे उतारा गया था।

जीएडी के आदेश के अनुसार, समिति से कहा गया है कि वह उन घटनाओं के पूरे क्रम का पता लगाए जिनकी वजह से तकनीकी खराबी आई।

समिति से कहा गया है कि वह घटना को ठीक से समझने के लिए ज़रूरी सभी संबंधित तथ्यों, रिकॉर्ड और अभियान से जुड़ी जानकारियों की पड़ताल करे।

वह यह भी जांच करेगी कि क्या किसी प्रक्रिया संबंधी चूक या लापरवाही ने इस घटना में सीधे या परोक्ष रूप से कोई भूमिका निभाई।

समिति को केबल कार के संचालन से जुड़े किसी भी व्यक्ति या एजेंसी की ओर से लापरवाही, प्रक्रिया के उल्लंघन या विफलता के लिए ज़िम्मेदारी तय करने का काम सौंपा गया है।

भाषा

राजकुमार प्रशांत

प्रशांत