Breaking News

अमित शाह ने लॉन्च किया एंटी-ड्रग विजन, 3 साल में नेटवर्क खत्म करने का लक्ष्य     |   अयोध्या चंदा चोरी मामला: सभी आरोपियों को तीन दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा गया     |   चंदा केस: ट्रस्ट में रोज चोरी हो रही थी, अरबों रुपये कहां गए? - अरविंद केजरीवाल     |   बिहार: प्रशांत किशोर ने बांकीपुर विधानसभा सीट से उपचुनाव लड़ने का ऐलान किया     |   होर्मुज स्ट्रेट में असुरक्षा के लिए अमेरिका, इजरायल और सहयोगी देश जिम्मेदार: ईरान     |  

एटीएम से छेड़छाड़ कर धोखाधड़ी की कोशिश दिल्ली पुलिस ने नाकाम की, दो गिरफ्तार

नयी दिल्ली, 10 जून (भाषा) दिल्ली पुलिस ने द्वारका इलाके में रात की गश्त के दौरान एटीएम से छेड़छाड़ कर की जाने वाली धोखाधड़ी की कोशिश को नाकाम कर दो लोगों को गिरफ्तार किया। एक अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने हरियाणा के नूंह के रहने वाले 30 साल के मोहम्मद हुसैन और 36 साल के मोहम्मद आबिद को सेक्टर सात के रामफल चौक पर एक एटीएम कियोस्क के पास से गिरफ्तार किया और उनके पास से 8,000 रुपये और अपराध में इस्तेमाल किए गए औज़ार बरामद किए।

पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने एटीएम के कैश निकालने वाले स्लॉट के अंदर एक स्टील की प्लेट लगा दी थी। इससे मशीन से निकलने वाला पैसा वहीं फंस जाता था और ग्राहकों को लगता था कि लेनदेन विफल हो गया है। ग्राहकों के जाने के बाद, आरोपी कथित तौर पर प्लेट हटाकर पैसे निकाल लेते थे।

पुलिस अधिकारी ने बताया कि धोखाधड़ी का पता आठ जून की रात को चला, जब हेड कॉन्स्टेबल मनोज इलाके में गश्त कर रहे थे और उन्होंने एटीएम कियोस्क के पास नदीम खान नाम के एक ग्राहक को शोर मचाते हुए सुना।

उन्होंने बताया कि कांस्टेबल तुरंत मौके पर पहुंचा और उसने दो लोगों को मशीन में फंसी नकदी निकालने की कोशिश करते हुए पाया। अतिरिक्त पुलिस बल के मौके पर पहुंचने से पहले ही उसने दोनों संदिग्धों को काबू में कर लिया और हिरासत में ले लिया।

पूछताछ के दौरान, आरोपियों ने उसी दिन द्वारका और उसके आस-पास एटीएम के जरिए की गई इस तरह की धोखाधड़ी की पांच अन्य घटनाओं में अपनी संलिप्तता कबूल की। आगे की जांच जारी है।

भाषा

नोमान प्रशांत

प्रशांत