Breaking News

अमित शाह ने लॉन्च किया एंटी-ड्रग विजन, 3 साल में नेटवर्क खत्म करने का लक्ष्य     |   अयोध्या चंदा चोरी मामला: सभी आरोपियों को तीन दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा गया     |   चंदा केस: ट्रस्ट में रोज चोरी हो रही थी, अरबों रुपये कहां गए? - अरविंद केजरीवाल     |   बिहार: प्रशांत किशोर ने बांकीपुर विधानसभा सीट से उपचुनाव लड़ने का ऐलान किया     |   होर्मुज स्ट्रेट में असुरक्षा के लिए अमेरिका, इजरायल और सहयोगी देश जिम्मेदार: ईरान     |  

नेहरू एवं मोदी की तुलना बेमानी, भाजपा बताए कि बेरोजगारी, महंगाई अब भी क्यों है: राठौड़

शिमला, 10 जून (भाषा) कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता कुलदीप सिंह राठौड़ ने निर्वाचित प्रधानमंत्री के तौर पर नरेन्द्र मोदी के कार्यकाल के 12 साल पूरे होने का भाजपा द्वारा जश्न मनाते हुए उनकी तुलना जवाहरलाल नेहरू के कार्यकाल से करने पर बुधवार को पार्टी (भाजपा) का मजाक उड़ाया।

उन्होंने कहा कि दोनों प्रधानमंत्रियों के बीच तुलना करना बेमानी है।

राठौड़ ने यहां पत्रकारों से कहा, ‘‘मोदी के 12 साल का जश्न मनाने के बजाय, भाजपा को यह बताना चाहिए कि उनकी सरकार किसानों की समस्याओं, महंगाई और बेरोजगारी के मुद्दों को हल करने में क्यों नाकाम रही।’’

उन्होंने कहा कि अहम बात यह नहीं है कि कोई कितने समय तक प्रधानमंत्री पद पर रहा, बल्कि यह है कि उसने देश के विकास और समृद्धि तथा लोकतंत्र को मजबूत करने के लिए क्या किया।

कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा कि नेहरू ने देश की आज़ादी के लिए लगातार संघर्ष किया, कई बार जेल गए और आधुनिक भारत की नींव रखी।

उन्होंने कहा कि नेहरू ने शिक्षण संस्थान खोले, विज्ञान और प्रौद्योगिकी को बढ़ावा दिया, विकास के लिए ज़रूरी बुनियादी ढांचे को मज़बूत किया और पंचवर्षीय योजनाएं शुरू कीं।

राठौड़ ने कहा कि मोदी की उनसे तुलना करना न तो तर्कसंगत है और न ही उचित।

उन्होंने आरोप लगाया कि देश के निर्माण में सभी पूर्व प्रधानमंत्रियों का अहम योगदान रहा है, लेकिन मोदी के 12 साल के शासनकाल में बेरोजगारी अपने चरम पर पहुंच गई है।

उन्होंने कहा, ‘‘युवा निराश हैं, अमीर और गरीब के बीच की खाई बढ़ गई है। नीतियां आम आदमी के बजाय बड़े उद्योगपतियों को फायदा पहुंचाने के लिए बनाई जा रही हैं।’’

भाषा राजकुमार सुरेश

सुरेश