Breaking News

अमित शाह ने लॉन्च किया एंटी-ड्रग विजन, 3 साल में नेटवर्क खत्म करने का लक्ष्य     |   अयोध्या चंदा चोरी मामला: सभी आरोपियों को तीन दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा गया     |   चंदा केस: ट्रस्ट में रोज चोरी हो रही थी, अरबों रुपये कहां गए? - अरविंद केजरीवाल     |   बिहार: प्रशांत किशोर ने बांकीपुर विधानसभा सीट से उपचुनाव लड़ने का ऐलान किया     |   होर्मुज स्ट्रेट में असुरक्षा के लिए अमेरिका, इजरायल और सहयोगी देश जिम्मेदार: ईरान     |  

मोदी का कार्यकाल भारत को सबसे आगे रखने के प्रति उनके अथक समर्पण से पहचाना जाता है: माझी

भुवनेश्वर, 10 जून (भाषा) ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने बुधवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का 12 वर्षों का कार्यकाल भारत को सबसे आगे रखने के प्रति उनके अथक समर्पण से पहचाना जाता है।

माझी मोदी से मिलने और दूसरे सरकारी कार्यक्रमों में शामिल होने के लिए दिल्ली गए हैं। ओडिशा में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री के अच्छे स्वास्थ्य के लिए अलग-अलग मंदिरों में पूजा-अर्चना की।

मोदी ने जवाहरलाल नेहरू के 4,398 दिन के कार्यकाल का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। नेहरू 1952 के आम चुनाव के बाद प्रधानमंत्री निर्वाचित हुए थे। वह 1947 से 1952 तक अंतरिम सरकार के प्रमुख थे, क्योंकि 1952 तक चुनाव नहीं हुए थे।

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष और सांसद मनमोहन सामल ने दूसरे नेताओं के साथ भुवनेश्वर के लिंगराज मंदिर में दीपक जलाया तथा मोदी के अच्छे स्वास्थ्य के लिए कामना की।

सामल ने कहा, ‘‘मोदी जी ने इन 4,399 दिनों में एक दिन की भी छुट्टी नहीं ली है और अपना पूरा जीवन देश को समर्पित कर दिया है।’’

इसी तरह, केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान, केंद्रपाड़ा से सांसद बैजयंत पांडा और अन्य नेताओं ने भी अलग-अलग मंदिरों में पूजा-अर्चना की तथा मोदी के अच्छे स्वास्थ्य की कामना की।

माझी ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘देश की सबसे लंबे समय तक सेवा करने वाले निर्वाचित प्रधानमंत्री बनने का असाधारण और ऐतिहासिक मुकाम हासिल करने पर माननीय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी को हार्दिक बधाई। यह सिर्फ़ एक रिकॉर्ड नहीं है; यह उस अटूट भरोसे का सबूत है जो भारत के लोगों ने देश के हर कोने से बार-बार आपके नेतृत्व पर जताया है।’’

उन्होंने लिखा, ‘‘आपके कार्यकाल की पहचान सेवा करने के अटूट संकल्प, एक साहसी और बदलाव लाने वाली सोच तथा भारत को दुनिया में सबसे आगे ले जाने के लिए अथक समर्पण से रही है।’’

माझी ने प्रधानमंत्री के दीर्घायु होने की कामना भी की।

पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी का कार्यकाल 14 साल का था, जो मोदी के कार्यकाल से ज़्यादा है, लेकिन उनका प्रधानमंत्री पद लगातार नहीं रहा।

मोदी ने आम चुनाव में भारी जीत के साथ 26 मई 2014 को प्रधानमंत्री का पद संभाला था। उन्हें 2019 में और भी बड़े जनादेश के साथ दोबारा चुना गया तथा उसी साल 30 मई को उनका दूसरा कार्यकाल शुरू हुआ। उनका लगातार तीसरा कार्यकाल नौ जून 2024 को शुरू हुआ।

भाषा राजकुमार नेत्रपाल

नेत्रपाल