Breaking News

अमित शाह ने लॉन्च किया एंटी-ड्रग विजन, 3 साल में नेटवर्क खत्म करने का लक्ष्य     |   अयोध्या चंदा चोरी मामला: सभी आरोपियों को तीन दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा गया     |   चंदा केस: ट्रस्ट में रोज चोरी हो रही थी, अरबों रुपये कहां गए? - अरविंद केजरीवाल     |   बिहार: प्रशांत किशोर ने बांकीपुर विधानसभा सीट से उपचुनाव लड़ने का ऐलान किया     |   होर्मुज स्ट्रेट में असुरक्षा के लिए अमेरिका, इजरायल और सहयोगी देश जिम्मेदार: ईरान     |  

चंद्रबाबू नायडू ने मोदी को निर्वाचित प्रधानमंत्री के रूप में सबसे लंबे कार्यकाल की बधाई दी

अमरावती, 10 जून (भाषा) आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने बुधवार को कहा कि नागरिकों के जीवन को बेहतर बनाने से लेकर दुनिया में देश की स्थिति को मजबूत करने तक प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का कार्यकाल हर स्तर पर भारत को बदलने की कोशिशों वाला रहा है।

भारत के सबसे लंबे समय तक निर्वाचित प्रधानमंत्री रहने पर मोदी को बधाई देते हुए मुख्यमंत्री ने इस उपलब्धि को बदलाव का एक ऐसा दौर बताया जिसने देश के हर कोने को प्रभावित किया है और देश की दिशा को नया रूप दिया है।

नायडू ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘आज, जब वह भारत के सबसे लंबे समय तक सेवा करने वाले प्रधानमंत्री बन गए हैं, तो हम सिर्फ़ एक रिकॉर्ड का ही नहीं, बल्कि बदलाव के उस दौर का भी जश्न मना रहे हैं जिसने देश के हर कोने को छुआ है।’’

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री का नेतृत्व इस बात पर केंद्रित रहा है कि प्रगति का लाभ हर नागरिक तक पहुँचे।

नायडू ने मोदी की परिवार कल्याण योजनाओं से लेकर विज्ञान, प्रौद्योगिकी और राष्ट्रीय सुरक्षा के क्षेत्र में हुई प्रगति जैसी उपलब्धियों का उल्लेख किया।

उन्होंने कहा कि इस दौरान बुनियादी सुविधाओं तक पहुँच बेहतर बनाने के साथ-साथ अंतरिक्ष अन्वेषण, कृषि और रक्षा जैसे क्षेत्रों में भारत की क्षमताओं को बढ़ाने की दिशा में भी प्रयास किए गए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत अपने भविष्य को लेकर अधिक आत्मविश्वास से भरा, अपने लक्ष्यों के प्रति अधिक महत्वाकांक्षी और उत्कृष्टता की दिशा में आगे बढ़ने के लिए अधिक दृढ़ संकल्पित होकर उभरा है।

उन्होंने कहा कि आंध्र प्रदेश ‘स्वर्ण आंध्र’ निर्माण और प्रधानमंत्री के ‘विकसित भारत’ के विज़न को साकार करने में योगदान देने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

आंध्र प्रदेश के लोगों की ओर से बधाई देते हुए नायडू ने देश का नेतृत्व करने में मोदी की निरंतर सफलता की कामना की।

मोदी ने 10 जून को भारत के निर्वाचित प्रधानमंत्री के तौर पर 4,399 दिन पूरे कर लिए हैं और देश के पहले प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू के 4,398 दिनों के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया।

इस बीच, उपमुख्यमंत्री पवन कल्याण ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में राजग सरकार का 4,399 दिन का कार्यकाल देश की नि:स्वार्थ सेवा और बदलाव लाने वाले शासन के लिए जाना जाएगा।

कल्याण ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘बारह साल पहले, भारत ने निर्णायक नेतृत्व को चुना था। आज, प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत पहले से कहीं ज़्यादा मज़बूत, सुरक्षित, समृद्ध और आत्मविश्वास से भरा हुआ है।’’

उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने राष्ट्रीय सुरक्षा को मज़बूत किया है, सशस्त्र बलों को आधुनिक बनाया है, एक प्रमुख वैश्विक अर्थव्यवस्था के तौर पर भारत की स्थिति को ऊपर उठाया है और जी20 शिखर सम्मेलन तथा ‘ग्लोबल साउथ’ के साथ जुड़ाव जैसी पहलों के ज़रिए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का मान बढ़ाया है।

वहीं, राज्य के सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री नारा लोकेश ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व ने भारत को वैश्विक अनिश्चितता और कई चुनौतियों के दौर में स्थिरता, मज़बूती एवं सही दिशा दी है।

उन्होंने कहा, ‘‘सबसे बड़ी बात यह है कि प्रधानमंत्री मोदी का देश को स्थिरता देना उनका सबसे बड़ा योगदान रहा है। चाहे कोविड-19 महामारी से निपटना हो, राष्ट्रीय सुरक्षा की चुनौतियों का मज़बूती से सामना करना हो या वैश्विक टकरावों से पैदा हुई आर्थिक दिक्कतों को संभालना हो, उनके नेतृत्व ने देश को उस समय भरोसा और दिशा देने का काम किया, जब इसकी सबसे ज़्यादा ज़रूरत थी।’’

मंत्री ने प्रधानमंत्री मोदी के व्यक्तिगत मार्गदर्शन को स्वीकार करते हुए कहा कि अनुशासन, कड़ी मेहनत और ‘फिट इंडिया’ जैसी पहलों पर उनके ज़ोर ने देश भर में लाखों लोगों को प्रेरित किया है।

लोकेश ने उनके निरंतर सफल होने की कामना की और कहा कि एक वैश्विक शक्ति के रूप में भारत का उदय मौजूदा दौर की सबसे अहम कहानियों में से एक है।

भाषा नेत्रपाल नरेश

नरेश