नयी दिल्ली, 10 जून (भाषा) दिल्ली के जहांगीरपुरी इलाके में चार नकाबपोश युवकों ने तीन दोपहिया वाहनों में कथित रूप से आग लगा दी। इससे कुछ दिन पहले एक स्थानीय निवासी ने इलाके के पार्क में मादक पदार्थों के सेवन को लेकर पुलिस से शिकायत की थी।
पुलिस ने बुधवार को बताया कि जहांगीरपुरी थाने को आठ जून को दोपहिया वाहनों में आग लगने की सूचना मिली। घटनास्थल पर दो बाइक और एक स्कूटर आग से क्षतिग्रस्त पाए गए। हालांकि, इस घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज में कथित तौर पर चार नकाबपोश युवक देर रात इलाके में घूमते हुए दिखाई दे रहे हैं।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि यह घटना इलाके के एक पार्क में मादक पदार्थों के सेवन को लेकर की गई हालिया शिकायतों से जुड़ी हो सकती है, जिसके बाद पुलिस ने वहां सख्ती बढ़ा दी थी।
स्थानीय लोगों ने बताया कि युवकों ने सबसे पहले उस व्यक्ति के घर के बाहर खड़ी मोटरसाइकिल की पहचान की, जिसने कथित तौर पर पुलिस से शिकायत की थी। फुटेज में कथित रूप से दिख रहा है कि युवकों ने आसपास खड़ी मोटरसाइकिलों की जांच की और फिर उनमें से कई में आग लगा दी।
स्थानीय लोगों का दावा है कि घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी कुछ देर तक वहीं रुके रहे और बाद में बिना किसी जल्दबाजी के इलाके से चले गए।
पुलिस ने बताया कि शिकायत और मौके पर की गई जांच के आधार पर एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 326(एफ) (आग से नुकसान पहुंचाना) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।
अधिकारियों के मुताबिक, घटना को लेकर आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज का विश्लेषण किया जा रहा है और मामले की जांच जारी है।
भाषा नोमान
नोमान मनीषा
मनीषा