Breaking News

अमित शाह ने लॉन्च किया एंटी-ड्रग विजन, 3 साल में नेटवर्क खत्म करने का लक्ष्य     |   अयोध्या चंदा चोरी मामला: सभी आरोपियों को तीन दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा गया     |   चंदा केस: ट्रस्ट में रोज चोरी हो रही थी, अरबों रुपये कहां गए? - अरविंद केजरीवाल     |   बिहार: प्रशांत किशोर ने बांकीपुर विधानसभा सीट से उपचुनाव लड़ने का ऐलान किया     |   होर्मुज स्ट्रेट में असुरक्षा के लिए अमेरिका, इजरायल और सहयोगी देश जिम्मेदार: ईरान     |  

शेयर बाजारों ने शुरुआती लाभ गंवाया, स्थिर रुख के साथ हुए बंद

मुंबई, 10 जून (भाषा) अमेरिका और ईरान के बीच तनाव फिर बढ़ने के कारण बुधवार को स्थानीय शेयर बाजार शुरुआती बढ़त को गंवा कर लगभग स्थिर रुख के साथ बंद हुए।

विश्लेषकों का कहना है कि वैश्विक बाजारों के कमजोर रुख तथा विदेशी कोषों के प्रवाह से भी निवेशकों की धारणा प्रभावित हुई।

बीएसई का 30 शेयरों वाले सेंसेक्स शुरुआती बढ़त को गंवा कर अंत में सीमित लाभ के साथ बंद हुआ। कारोबार के दौरान यह 694.25 अंक तक चढ़कर 74,613.01 अंक के स्तर पर पहुंच गया था, लेकिन अंत में यह मामूली 64.42 अंक यानी 0.09 प्रतिशत की बढ़त के साथ 73,983.18 अंक पर बंद हुआ।

वहीं, 50 शेयरों वाला एनएसई निफ्टी 27.15 अंक यानी 0.12 प्रतिशत फिसलकर 23,214.95 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान निफ्टी 23,425.35 अंक के उच्च स्तर तक गया और 23,184.60 अंक के निचले स्तर तक आया।

सेंसेक्स की कंपनियों में हिंदुस्तान यूनिलीवर, एक्सिस बैंक, कोटक महिंद्रा बैंक, आईसीआईसीआई बैंक, आईटीसी और एचडीएफसी बैंक के शेयर प्रमुख रूप से लाभ में रहे। दूसरी ओर, इटर्नल लिमिटेड, टाटा स्टील, बजाज फिनसर्व और टाइटन के शेयरों में गिरावट दर्ज की गई।

अन्य एशियाई बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी, जापान का निक्की, चीन का शंघाई एसएसई कम्पोजिट और हांगकांग का हैंगसेंग नुकसान के साथ बंद हुए। यूरोपीय बाजार भी दोपहर के कारोबार में नुकसान में थे। मंगलवार को अमेरिकी बाजार गिरावट के साथ बंद हुए थे।

शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने मंगलवार को शुद्ध रूप से 4,566.03 करोड़ रुपये के शेयर बेचे।

एनरिच मनी के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) पोनमुडी आर. ने कहा कि अमेरिका और ईरान के बीच नए सैन्य टकराव ने पश्चिम एशिया में तनाव बढ़ने की आशंका को फिर से जगा दिया है। इससे निवेशकों की जोखिम लेने की क्षमता प्रभावित हुई है।

वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड की कीमत 0.20 प्रतिशत घटकर 91.27 डॉलर प्रति बैरल रही।

सेंसेक्स मंगलवार को 394.50 अंक यानी 0.54 प्रतिशत की बढ़त के साथ 73,918.76 अंक और निफ्टी 119.10 अंक यानी 0.52 प्रतिशत की बढ़त के साथ 23,242.10 अंक पर बंद हुआ था।

भाषा अजय अजय रमण

रमण