Breaking News

अमित शाह ने लॉन्च किया एंटी-ड्रग विजन, 3 साल में नेटवर्क खत्म करने का लक्ष्य     |   अयोध्या चंदा चोरी मामला: सभी आरोपियों को तीन दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा गया     |   चंदा केस: ट्रस्ट में रोज चोरी हो रही थी, अरबों रुपये कहां गए? - अरविंद केजरीवाल     |   बिहार: प्रशांत किशोर ने बांकीपुर विधानसभा सीट से उपचुनाव लड़ने का ऐलान किया     |   होर्मुज स्ट्रेट में असुरक्षा के लिए अमेरिका, इजरायल और सहयोगी देश जिम्मेदार: ईरान     |  

अभिनेता सलीम कुमार को उनके आखिरी दिनों में सोशल मीडिया पर हमलों का सामना करना पड़ा: सतीशन

तिरुवनंतपुरम, 10 जून (भाषा) केरल के मुख्यमंत्री वी.डी. सतीशन ने बुधवार को राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता मलयालम अभिनेता सलीम कुमार के आखिरी दिनों में उनके खिलाफ चलाए गए सोशल मीडिया अभियान की कड़ी आलोचना की। उन्होंने कहा कि इस तरह के हमले अस्वीकार्य हैं और राज्य की गरिमा के अनुकूल नहीं हैं।

अभिनेता के गंभीर बीमारी से जूझने के दौरान उनके खिलाफ सोशल मीडिया पर की गई टिप्पणियों जिक्र करते हुए सतीशन ने कहा कि यह परेशान करने वाली बात थी कि जब सलीम कुमार जीवनरक्षक प्रणाली पर थे, तब भी उनके बारे में अपमानजनक टिप्पणियां की गईं।

कोच्चि के एक निजी अस्पताल में भर्ती सलीम कुमार का शनिवार रात निधन हो गया था।

मुख्यमंत्री ने कहा, “जब सलीम कुमार बीमार थे, तो सोशल मीडिया पर उनके खिलाफ जबर्दस्त हमले हुए। लोगों ने तो यहां तक पूछ लिया कि ‘क्या वह मर नहीं सकते?’ ” उन्होंने पूछा कि आख़िर अभिनेता ने क्या गलत किया था।

इस अभियान के पीछे के मकसद पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा, “उनकी मौत के बाद भी, सोशल मीडिया पर एक बहुत बुरा अभियान चलता रहा। क्या केरल में ऐसा हो रहा है? इस अभियान के पीछे कौन है?”

सतीशन ने कहा कि कलाकारों की भी, बाकी लोगों की तरह, अपनी राजनीतिक मान्यताएं होती हैं, लेकिन जब कोई अपनी जिंदगी के लिए लड़ रहा हो, तो उसकी राजनीति की वजह से उसे निशाना बनाना मंज़ूर नहीं है।

उन्होंने कहा, “कलाकारों की अपनी राजनीति होती है। लेकिन किसी ऐसे व्यक्ति के खिलाफ इस तरह के अभियान चलाना, जो बीमार है, जीवनरक्षक प्रणाली पर है और मौत से जूझ रहा है, उसे राजनीतिक सोच की वजह से निशाना बनाना केरल के लिए अच्छा नहीं है।”

अपनी विविधतापूर्ण भूमिकाओं के लिए मशहूर राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता अभिनेता सलीम कुमार को कांग्रेस का समर्थक और सतीशन का करीबी माना जाता था।

सतीशन ने रविवार को अभिनेता के अंतिम संस्कार के दौरान ऑनलाइन मीडिया चैनलों के व्यवहार की भी कड़ी आलोचना की।

भाषा

प्रशांत नेत्रपाल

नेत्रपाल