Breaking News

अमित शाह ने लॉन्च किया एंटी-ड्रग विजन, 3 साल में नेटवर्क खत्म करने का लक्ष्य     |   अयोध्या चंदा चोरी मामला: सभी आरोपियों को तीन दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा गया     |   चंदा केस: ट्रस्ट में रोज चोरी हो रही थी, अरबों रुपये कहां गए? - अरविंद केजरीवाल     |   बिहार: प्रशांत किशोर ने बांकीपुर विधानसभा सीट से उपचुनाव लड़ने का ऐलान किया     |   होर्मुज स्ट्रेट में असुरक्षा के लिए अमेरिका, इजरायल और सहयोगी देश जिम्मेदार: ईरान     |  

जवाहरलाल नेहरू और नरेन्द्र मोदी की कोई तुलना नहीं : शरद पवार

(तस्वीरों के साथ)

मुंबई, 10 जून (भाषा) राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शप) के अध्यक्ष शरद पवार ने बुधवार को पूर्व प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू की प्रशंसा करते हुए कहा कि देश के निर्माण में उनके त्याग और योगदान को भुलाया नहीं जा सकता।

उन्होंने यह भी कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के बीच तुलना नहीं की जा सकती।

पवार ने राकांपा (शप) के 27वें स्थापना दिवस कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री मोदी सबसे लंबे समय तक सेवा करने वाले प्रधानमंत्री बन गए हैं और ऐसी छवि बनाई गई है कि उनके जैसा कोई नेता नहीं है।

उन्होंने कहा, ‘‘राष्ट्र निर्माण और स्वतंत्रता संग्राम में नेहरू के योगदान को भुलाया नहीं जा सकता और उसका सम्मान किया जाना चाहिए।’’

पूर्व केंद्रीय मंत्री ने कहा, ‘‘उनकी (नेहरू की) तुलना किसी और से नहीं की जा सकती। महात्मा गांधी के नेतृत्व में आजादी की लड़ाई के दौरान नेहरू ने कई साल जेल में बिताए।’’

पवार ने मोदी के सबसे लंबे समय तक निर्वाचित प्रधानमंत्री रहने के रिकॉर्ड का जिक्र करते हुए कहा, ‘‘यह अच्छी बात है। संसदीय लोकतंत्र में प्रधानमंत्री का पद संवैधानिक होता है और हमें उसका सम्मान करना चाहिए। लेकिन नेहरू तो नेहरू हैं और भारतीय उनके त्याग को नहीं भूल सकते।’’

उन्होंने कहा कि सत्ता में बैठे लोग किसानों, पढ़े-लिखे बेरोजगारों और महिलाओं की समस्याओं से बेखबर हैं।

पवार ने कहा कि देश कई समस्याओं से जूझ रहा है। उन्होंने कहा कि देश की विदेश नीति भी कसौटी पर खरी नहीं उतर रही है।

महाराष्ट्र के मंत्री और भाजपा नेता गिरीश महाजन ने आरोप लगाया था कि इंदिरा गांधी और राजीव गांधी ने सिखों पर अत्याचार किया। पवार ने महाजन के इस बयान की कड़ी आलोचना की।

उन्होंने कहा, ‘‘ऐसा बयान स्वीकार्य नहीं है। ऑपरेशन ब्लू स्टार इंदिरा गांधी का एक बलिदान था। सिखों ने देश की सुरक्षा और खाद्य सुरक्षा के लिए सीमाओं पर काम किया है। कुछ लोगों ने अलग रास्ता चुना। कुछ घटनाएं हुईं जिन्हें भुलाया नहीं जा सकता। इंदिरा गांधी ने देश की प्रतिष्ठा और सुरक्षा से कभी समझौता नहीं किया।’’

महाजन ने ऑपरेशन ब्लू स्टार को ‘काला दिवस’ करार देकर और 1984 की सैन्य कार्रवाई की तुलना अफ़गान शासक अहमद शाह अब्दाली के हमले से करके राजनीतिक विवाद खड़ा कर दिया है। विपक्षी दलों ने महाजन के बयान पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए उन्हें पद से हटाने की मांग की है।

भाजपा नेता ने ऑपरेशन ब्लू स्टार को सिख समुदाय के पवित्र स्थल पर ‘सैन्य हमला’ करार देते हुए आरोप लगाया कि तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने जबरन सेना को पंजाब और उस पवित्र परिसर के भीतर भेजा था।

प्रमुख अखबारों के पहले पन्ने पर सुनेत्रा पवार के नेतृत्व वाली राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के छपे विज्ञापनों का ज़िक्र करते हुए पवार ने कहा कि यह पहली बार है जब पार्टी ने अखबारों में विज्ञापन दिए हैं। उन्होंने कहा, ‘‘आप सभी जानते हैं कि ऐसे विज्ञापनों का खर्च कितना होता है। अच्छी बात है कि ये विज्ञापन अब आए हैं।’’

पवार ने 1999 में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी की स्थापना की थी। जुलाई 2023 में उनके भतीजे अजित पवार ने कुछ विधायकों के साथ बगावत कर दी और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नीत ‘महायुति’ सरकार में शामिल हो गए जिसकी वजह से पार्टी टूट गई।

बाद में पार्टी का नाम और चुनाव चिह्न अजित पवार के नेतृत्व वाले सत्तारूढ़ गुट को आवंटित हो गया। अजित पवार की इस साल जनवरी में एक विमान दुर्घटना में मौत हो गई थी।

अजित पवार की मौत के बाद उनकी पत्नी सुनेत्रा पवार उप मुख्यमंत्री बनीं और उन्हें पार्टी का अध्यक्ष भी चुना गया।

विपक्षी राकांपा(शप)जहां बुधवार को अपना स्थापना दिवस मना रही है, वहीं सत्तारूढ़ राकांपा इसे बृहस्पतिवार को मनाएगी।

भाषा धीरज मनीषा

मनीषा