Breaking News

अमित शाह ने लॉन्च किया एंटी-ड्रग विजन, 3 साल में नेटवर्क खत्म करने का लक्ष्य     |   अयोध्या चंदा चोरी मामला: सभी आरोपियों को तीन दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा गया     |   चंदा केस: ट्रस्ट में रोज चोरी हो रही थी, अरबों रुपये कहां गए? - अरविंद केजरीवाल     |   बिहार: प्रशांत किशोर ने बांकीपुर विधानसभा सीट से उपचुनाव लड़ने का ऐलान किया     |   होर्मुज स्ट्रेट में असुरक्षा के लिए अमेरिका, इजरायल और सहयोगी देश जिम्मेदार: ईरान     |  

वायनाड में जंगली हाथी के हमले में 65 वर्षीय व्यक्ति की मौत

वायनाड, 10 जून (भाषा) केरल के वायनाड ज़िले में बुधवार को जंगली हाथी के हमले में 65 साल के एक व्यक्ति की मौत हो गई। यह राज्य में हाल के दिनों में सामने आए मानव-वन्यजीव संघर्ष की घटनाओं की श्रृंखला में नया मामला है।

अधिकारियों ने बताया कि पीड़ित की पहचान कट्टिकुलम के पुलिमूडकुन्नु मिचाभूमि क्षेत्र निवासी राजू के रूप में हुई है। सुबह करीब 10 बजे हाथी के हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

यह हमला उस समय हुआ जब वन विभाग के अधिकारी और स्थानीय निवासी हाथी के आबादी वाले क्षेत्र में घुस आने के बाद उसे वहां से खदेड़ने का प्रयास कर रहे थे।

अधिकारियों ने बताया कि राजू गंभीर रूप से घायल हो गए जिसके बाद उन्हें तुरंत मानंथवाडी मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया।

चिकित्सकों ने उनकी हालत बिगड़ने पर बेहतर और विशेष उपचार के लिए उन्हें कोझिकोड मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर करने का फैसला किया।

हालांकि, स्थानांतरित किए जाने से पहले ही उनकी मौत हो गई।

इस घटना ने एक बार फिर केरल के वन क्षेत्रों से सटे इलाकों में बढ़ते मानव- वन्यजीव संघर्ष की समस्या को उजागर कर दिया है, जहां लोगों और जंगली जानवरों के बीच आमना-सामना होने की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं।

इससे ठीक एक दिन पहले, पहाड़ी जिला इडुक्की के चिन्नाकनाल क्षेत्र में हाथी के हमले में एक महिला की मौत हो गई थी। यह इलाका मानव बस्तियों में हाथियों के बार-बार घुस आने की घटनाओं के लिए जाना जाता है।

ऐसे ही मामले वन-सीमा से लगे अन्य जिलों से भी सामने आए हैं, जिससे स्थानीय निवासियों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है और वन्यजीव-मानव संघर्ष को रोकने के लिए मजबूत उपायों की मांग तेज हो गई है।

भाषा तान्या नरेश

नरेश