नयी दिल्ली, 10 जून (भाषा) ‘भाषा’ की विभिन्न फाइल से बुधवार को अपराह्न दो बजे तक जारी मुख्य समाचार इस प्रकार हैं :-
दि20 : मोदी मुर्मू 12 वर्ष
मोदी के कार्यकाल में शासन, आर्थिक मजबूती के क्षेत्र में दूरगामी प्रगति हुई: राष्ट्रपति मुर्मू
नयी दिल्ली, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने बुधवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को देश के सबसे लंबे समय तक निर्वाचित प्रधानमंत्री के रूप में सेवा देने की विशिष्ट उपलब्धि पर बधाई दी और कहा कि यह ऐतिहासिक अवसर उनके नेतृत्व में जनता द्वारा जताए गए अटूट विश्वास और भरोसे का प्रमाण है।
दि7 : मोदी कांग्रेस
प्रधानमंत्री मोदी भारत पर बोझ, लोकतंत्र की हत्या के लिए जिम्मेदार: कांग्रेस
नयी दिल्ली, कांग्रेस ने सबसे लंबे समय तक निर्वाचित प्रधानमंत्री के रूप में सेवा देने के नरेन्द्र मोदी के रिकॉर्ड को लेकर बुधवार को दावा किया कि वह भारत पर एक बोझ की तरह हैं क्योंकि वह लोकतंत्र की हत्या के लिए जिम्मेदार हैं।
दि9 : दिल्ली होटल अग्निकांड
मालवीय नगर अग्निकांड : लाइसेंस और अग्नि सुरक्षा मानकों में अनियमितताओं की जांच तेज
नयी दिल्ली, दक्षिणी दिल्ली के मालवीय नगर स्थित एक बेड एंड ब्रेकफास्ट (बी एंड बी) प्रतिष्ठान में लगी भीषण आग की जांच कर रही पुलिस को नए तथ्य मिले हैं और अब वह लाइसेंस जारी करने की प्रक्रिया, संचालन व्यवस्था तथा अग्नि सुरक्षा मानकों के अनुपालन में संभावित अनियमितताओं की जांच कर रही है। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
वि10 : अफगानिस्तान पाकिस्तान लीड हमले
अफगानिस्तान में पाकिस्तान के हवाई हमलों में कम से कम 13 लोगों की मौत : तालिबान अधिकारी
काबुल, अफगानिस्तान ने बुधवार को कहा कि पाकिस्तान ने देश के भीतर नए सिरे से हवाई हमले किए हैं, जिनमें कम से कम 13 लोगों की मौत हो गई और 14 अन्य घायल हो गए।
दि18 : दिल्ली प्रदूषण जुर्माना
मानकों का पालन न करने पर 15 से अधिक एसटीपी संचालकों पर दो करोड़ रुपये से अधिक का जुर्माना
नयी दिल्ली, दिल्ली प्रदूषण नियंत्रण समिति (डीपीसीसी) ने दिल्ली जल बोर्ड द्वारा चलाए जा रहे कई संयंत्रों समेत 15 से ज़्यादा जलमल शोधन संयंत्रों (एसटीपी) के संचालकों पर, अपशिष्ट प्रवाह के मानकों को पूरा न करने के लिए 2.89 करोड़ रुपये का जुर्माना लगाया है।
प्रादे52 : महाराष्ट्र पुणे नगर निकाय लीड बम धमकी
पुणे नगर निगम को बम की धमकी मिली; परिसर खाली कराया गया, तलाशी जारी
पुणे, पुणे नगर निगम (पीएमसी) को बुधवार को एक ईमेल मिला, जिसमें उसके मुख्यालय और महापौर के कार्यालय में बम विस्फोट करने की धमकी दी गई थी। इसके बाद इमारत को खाली कराया गया और परिसर की तलाशी ली गई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
दि6 : दिल्ली सर्वेक्षण इजराइल
इजराइल को रक्षा और सैन्य ताकत के रूप में देखते हैं भारत के ‘जेन-ज़ेड’ युवा: सर्वेक्षण
नयी दिल्ली, भारत के शहरी ‘जेन-जेड’ युवाओं पर किए गए एक नए सर्वेक्षण में पाया गया है कि लगभग आधे प्रतिभागी इजराइल को मुख्य रूप से उसकी रक्षा क्षमता और सैन्य ताकत से जोड़कर देखते हैं, जबकि बहुतायत में युवा उसे तकनीकी रूप से उन्नत देश मानते हैं।
वि19 : मोदी विश्व नेता बधाई
विश्व नेताओं ने भारत के सबसे लंबे समय तक निर्वाचित प्रधानमंत्री बनने पर मोदी को दी बधाई
सिंगापुर/जोहानिसबर्ग, विश्व के नेताओं ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सबसे लंबे समय तक भारत के निर्वाचित प्रधानमंत्री होने की उपलब्धि हासिल करने पर बुधवार को उन्हें बधाई दी और उनके नेतृत्व तथा जनसेवा के प्रति समर्पण की सराहना की।
अर्थ13 : अदालत अनिल अंबानी
कर चोरी मामले में अनिल अंबानी के खिलाफ नहीं होगी कोई दंडात्मक कार्रवाई, अदालत से मिली राहत
मुंबई, बंबई उच्च न्यायालय ने काला धन अधिनियम के प्रावधानों की संवैधानिक वैधता को चुनौती देने वाली उद्योगपति अनिल अंबानी की याचिका को स्वीकार करते हुए उन्हें कथित कर चोरी मामले में अभियोजन और जुर्माने जैसी दंडात्मक कार्रवाई से अंतरिम राहत दे दी है।
अर्थ9 : इक्विटी म्यूचुअल फंड
इक्विटी म्यूचुअल फंड में निवेश मई में 12 महीने के निचले स्तर पर
नयी दिल्ली, अस्थिर बाजार परिस्थितियों के बीच इक्विटी म्यूचुअल फंड योजनाओं में शुद्ध निवेश मई में एक साल के सबसे निचले स्तर 22,908 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। यह प्रवाह अप्रैल में दर्ज 38,440 करोड़ रुपये से 40 प्रतिशत कम रहा।
खेल3 : खेल भारत पंड्या
जांघ की मांसपेशियों में खिंचाव के कारण पंड्या अफगानिस्तान के खिलाफ एकदिवसीय श्रृंखला से बाहर
मुल्लांपुर, भारत के ऑलराउंडर हार्दिक पंड्या खेलने की स्वीकृति मिलने के कुछ घंटे बाद बुधवार को अफगानिस्तान के खिलाफ तीन मैच की एकदिवसीय श्रृंखला से बाहर हो गए जब उनकी जांघ की मांसपेशियों में खिंचाव आ गया।
भाषा तान्या मनीषा
मनीषा