Breaking News

अमित शाह ने लॉन्च किया एंटी-ड्रग विजन, 3 साल में नेटवर्क खत्म करने का लक्ष्य     |   अयोध्या चंदा चोरी मामला: सभी आरोपियों को तीन दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा गया     |   चंदा केस: ट्रस्ट में रोज चोरी हो रही थी, अरबों रुपये कहां गए? - अरविंद केजरीवाल     |   बिहार: प्रशांत किशोर ने बांकीपुर विधानसभा सीट से उपचुनाव लड़ने का ऐलान किया     |   होर्मुज स्ट्रेट में असुरक्षा के लिए अमेरिका, इजरायल और सहयोगी देश जिम्मेदार: ईरान     |  

मप्र: सोशल मीडिया पर आलीशान जीवनशैली के वीडियो डालना यू-टयूबर को पड़ा भारी, हुई चोरी

शिवपुरी (मध्यप्रदेश), 10 जून (भाषा) सोने-चांदी के आभूषणों के साथ आलीशान जीवनशैली से जुड़े वीडियो साझा कर सोशल मीडिया पर लोकप्रियता हासिल करने वाली मध्यप्रदेश के शिवपुरी जिले की एक यू-ट्यूबर के घर से चोरों ने सफाई से हजारों रुपये मूल्य के सामान चोरी कर लिए और घटना के चार दिन बाद भी आरोपी पुलिस की गिरफ्त से दूर हैं।

एक अधिकारी ने बुधवार को बताया कि मामले में पुलिस के हाथ कुछ अहम सुराग लगे हैं, जिनसे चोरों के शीघ्र पकड़े जाने की संभावना बढ़ गई है।

पुलिस के मुताबिक, मामला जिले के नरवर थाना क्षेत्र के मोहानी ख्यावदा गांव का है, जहां की चर्चित यू-ट्यूबर रचना गुर्जर के घर गत शुक्रवार की देर रात चोरों ने सीढ़ियों के सहारे घर की चारदीवारी लांघने के बाद फेंसिंग काटकर इस घटना को अंजाम दिया।

नरवर थाना प्रभारी विनय यादव ने 'पीटीआई-भाषा' से बातचीत में कहा कि पीड़िता के घर के नजदीक एक मोटरसाइकिल बरामद की गई है, जिससे कुछ अहम सुराग हाथ लगे हैं।

उन्होंने बताया कि इस मोटरसाइकिल के चेचिस नंबर और रजिस्ट्रेशन नंबर भिन्न हैं और यह गुना जिले की प्रतीत हो रही है।

चोरी गए सामानों के बारे में पूछे जाने पर यादव ने बताया कि शिकायतकर्ता की ओर से दर्ज प्राथमिकी में चार अंगूठियां और एक करधनी सहित कुल 90 हजार रुपये मूल्य के सामानों की चोरी का उल्लेख किया गया है।

पुलिस के मुताबिक, लगभग आठ हजार रुपये कीमत की रेड बुल सॉफ्ट ड्रिंक की एक पेटी भी पीड़िता के घर से चोरी हुई है।

ज्ञात हो कि गुर्जर अपने आलीशान घर, महंगी साज-सज्जा और सोने-चांदी के आभूषणों व जीवनशैली से जुड़े वीडियो नियमित रूप से सोशल मीडिया पर साझा करती रही हैं। पुलिस ने आशंका जताई है कि चोरों ने सोशल मीडिया पर उपलब्ध जानकारी के आधार पर ही घर की टोह लेकर वारदात को अंजाम दिया है।

घटना के बाद गुर्जर ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो साझा करते हुए कहा है कि जब तक आरोपी गिरफ्तार नहीं होंगे, तब तक वह इस मामले को लेकर लगातार वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर आवाज उठाती रहेंगी।

घटना के बाद से स्थानीय स्तर पर इस बात की खासी चर्चा है कि सोशल मीडिया में अक्सर कीमती गहने और आलीशान जीवनशैली को दर्शाने के कारण चोरों ने उन्हें अपना निशाना बनाया।

उनके सोशल मीडिया खाते पर अक्सर कुछ लोग यह सलाह भी देते थे कि इतना सोना मत दिखाओ कि आपके घर चोर घुस जाएं।

भाषा सं ब्रजेन्द्र मनीषा

मनीषा