Breaking News

अमित शाह ने लॉन्च किया एंटी-ड्रग विजन, 3 साल में नेटवर्क खत्म करने का लक्ष्य     |   अयोध्या चंदा चोरी मामला: सभी आरोपियों को तीन दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा गया     |   चंदा केस: ट्रस्ट में रोज चोरी हो रही थी, अरबों रुपये कहां गए? - अरविंद केजरीवाल     |   बिहार: प्रशांत किशोर ने बांकीपुर विधानसभा सीट से उपचुनाव लड़ने का ऐलान किया     |   होर्मुज स्ट्रेट में असुरक्षा के लिए अमेरिका, इजरायल और सहयोगी देश जिम्मेदार: ईरान     |  

सेनाध्यक्ष ने उत्तरी कमान में अभियानगत तैयारी एवं आधुनिकीकरण पहलों की समीक्षा की

(फाइल फोटो के साथ)

जम्मू, 10 जून (भाषा) सेनाध्यक्ष जनरल उपेंद्र द्विवेदी ने जम्मू-कश्मीर के उधमपुर जिले में उत्तरी कमान के मुख्यालय का दौरा किया और वहां अभियान संबंधी तैयारी, क्षमता विकास एवं मौजूदा आधुनिकीकरण पहलों की समीक्षा की। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी।

सेना के अतिरिक्त लोक सूचना महानिदेशालय (एडीजीपीआई) ने ‘एक्स’ पर कहा, ‘‘सेनाध्यक्ष जनरल उपेंद्र द्विवेदी ने उत्तरी कमान का दौरा किया और वहां अभियान संबंधी तैयारी, क्षमता विकास और आधुनिकीकरण पहलों की समीक्षा की।’’

अधिकारियों ने बताया कि मंगलवार को दौरे के समय सेनाध्यक्ष को बहु-विषयक अभियान, प्रौद्योगिकी अंगीकरण, बुनियादी ढांचा विकास और सभी तरह के सैन्य अभियानों में समेकित तैयारी के बारे में जानकारी दी गई।

एडीजीपीआई ने बताया कि उत्तरी कमान और अलग-अलग सैन्य शाखाओं के अधिकारियों के साथ ‘हाइब्रिड’ (प्रत्यक्ष एवं डिजिटल) माध्यम से बातचीत करते हुए, जनरल द्विवेदी ने तेजी से बदलते सुरक्षा माहौल में अभियानगत क्षमता को बेहतर बनाने के लिए नई तकनीकों को अपनाने और नवोन्मेष को बढ़ावा देने के महत्व पर ज़ोर दिया।

उन्होंने अभियानगत क्षमताओं को मज़बूत करने और सुरक्षा से जुड़ी नई चुनौतियों का सामना करने की तैयारी करने के उपायों की भी समीक्षा की।

उन्होंने सभी अधिकारियों एवं जवानों की अटूट प्रतिबद्धता और अभियानगत उत्कृष्टता की सराहना की। उन्होंने युद्ध के लिए हमेशा तैयार रहने की उनकी लगातार कोशिशों की भी तारीफ़ की।

अधिकारियों ने बताया कि यह दौरा सेना के उस लगातार प्रयास का हिस्सा है, जिसमें अभियानगत प्रभावशीलता और तैयारी को मज़बूत करने के लिए बदलाव, नेटवर्किंग और डेटा-केंद्रित युद्ध क्षमताओं पर ध्यान दिया जा रहा है।

भाषा

राजकुमार वैभव

वैभव