जम्मू, 10 जून (भाषा) जम्मू के एक सीमावर्ती गांव में बुधवार को जंग लगा मोर्टार का गोला मिला, जिसे बाद में नियंत्रित विस्फोट के जरिए निष्क्रिय कर दिया गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि जम्मू के बाहरी क्षेत्र में स्थित बिश्नाह के कोठे सनियां गांव में एक मकान की नींव भरने के लिए मिट्टी डाल रहे मजदूरों की नजर इस गोले पर पड़ी।
उन्होंने बताया कि विस्फोटक सामग्री होने की सूचना मिलने के बाद बम निरोधक दस्ता तुरंत मौके पर पहुंचा और खुले मैदान में नियंत्रित विस्फोट करके गोले को निष्क्रिय कर दिया। इस कार्रवाई में किसी व्यक्ति को कोई नुकसान नहीं पहुंचा और न ही किसी संपत्ति को क्षति हुई।
भाषा तान्या वैभव
वैभव