चंडीगढ़, 10 जून (भाषा) हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने रोहतक शहर के डी-पार्क मार्केट इलाके में आग लगने की घटना में मारे गए लोगों के परिजनों को 10-10 लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है।
मंगलवार को रोहतक के सबसे पुराने बाज़ारों में से एक में लगी आग में तीन लोगों की मौत हो गई और लगभग दस दुकानें जलकर खाक हो गईं।
बुधवार को जारी एक आधिकारिक बयान के अनुसार, मुख्यमंत्री सैनी ने रोहतक की घटना पर दुख जताया है और मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की है।
मृतकों के परिवारों को 10-10 लाख रुपये की अनुग्रह राशि के अलावा, घायलों के परिवारों को भी दो लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की गई है।
बयान में कहा गया है कि घायलों का सरकारी अस्पताल में मुफ़्त इलाज किया जाएगा।
सैनी ने रोहतक के उपायुक्त को हादसे से हुए नुकसान का आकलन करने और रिपोर्ट तैयार करने का निर्देश भी दिया है।
अधिकारियों ने कहा कि आग लगने का सही कारण जांच का विषय है।
भाषा तान्या वैभव
वैभव