Breaking News

अमित शाह ने लॉन्च किया एंटी-ड्रग विजन, 3 साल में नेटवर्क खत्म करने का लक्ष्य     |   अयोध्या चंदा चोरी मामला: सभी आरोपियों को तीन दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा गया     |   चंदा केस: ट्रस्ट में रोज चोरी हो रही थी, अरबों रुपये कहां गए? - अरविंद केजरीवाल     |   बिहार: प्रशांत किशोर ने बांकीपुर विधानसभा सीट से उपचुनाव लड़ने का ऐलान किया     |   होर्मुज स्ट्रेट में असुरक्षा के लिए अमेरिका, इजरायल और सहयोगी देश जिम्मेदार: ईरान     |  

बंगाल: कोलकाता में सरकारी इमारत में भीषण आग लगी

( तस्वीरों सहित )

कोलकाता, 10 जून (भाषा) कोलकाता के अलीपुर इलाके में बुधवार सुबह बहुमंजिला सरकारी इमारत में भीषण आग लग गई। अग्निशमन अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि दक्षिण 24 परगना जिले के प्रशासनिक कार्यालय के रूप में उपयोग की जाने वाली आठ मंजिला इमारत की सबसे ऊपरी मंजिल पर फंसे एक व्यक्ति को दमकलकर्मियों ने सुरक्षित बचा लिया।

अधिकारियों ने बताया कि सुबह करीब 9:50 बजे लगी आग पर काबू पाने के लिए दस दमकल गाड़ियां लगाई गई थीं। आग पर काफी हद तक काबू पा लिया गया था, लेकिन कुछ जगहों पर आग अभी भी जल रही थी।

अग्निशमन अधिकारियों ने बताया कि आग तीसरी मंज़िल पर लगी और चौथी मंज़िल तक फैल गई, जबकि कई मंज़िलों से घना धुआं निकल रहा था।

आग बुझाने के काम के दौरान खिड़कियों से आग की लपटें और धुआं निकलते देखा गया और इमारत के अंदर से ज़ोरदार धमाकों की आवाज़ें सुनाई दीं। अधिकारियों ने बताया कि इमारत से एयर-कंडीशनर के कुछ हिस्से भी नीचे गिर गए।

दफ्तरों के अंदर कागज और लकड़ी का सामान होने की वजह से बहुत ज्यादा धुआं जमा हो गया था, जिससे आग बुझाने की कोशिशों में रुकावट आई। आग बुझाने वाले कर्मचारियों को शुरू में सीढ़ियों से इमारत के अंदर जाने में मुश्किल हुई और वे इमारत के अंदर जाने से पहले बाहर से ही होज़ पाइप से पानी की बौछार कर रहे थे।

एक अग्निशमन अधिकारी ने बताया, 'आग मुख्य रूप से तीसरी और चौथी मंज़िल पर लगी थी।'

आग लगने की वजह का अभी पता नहीं चल पाया है, हालांकि अधिकारियों का कहना है कि खराब एयर-कंडीशनर इसकी एक संभावित वजह हो सकती है। इस इमारत में राज्य सरकार के कई विभाग हैं।

भाषा तान्या मनीषा

मनीषा