Breaking News

अमित शाह ने लॉन्च किया एंटी-ड्रग विजन, 3 साल में नेटवर्क खत्म करने का लक्ष्य     |   अयोध्या चंदा चोरी मामला: सभी आरोपियों को तीन दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा गया     |   चंदा केस: ट्रस्ट में रोज चोरी हो रही थी, अरबों रुपये कहां गए? - अरविंद केजरीवाल     |   बिहार: प्रशांत किशोर ने बांकीपुर विधानसभा सीट से उपचुनाव लड़ने का ऐलान किया     |   होर्मुज स्ट्रेट में असुरक्षा के लिए अमेरिका, इजरायल और सहयोगी देश जिम्मेदार: ईरान     |  

हुंदै को आपूर्तिकर्ता संयंत्र में 22 जून तक उत्पादन सामान्य होने की उम्मीद

नयी दिल्ली, 10 जून (भाषा) हुंदै मोटर इंडिया लिमिटेड (एचएमआईएल) को आपूर्तिकर्ता मोबिस इंडिया लिमिटेड की इकाई में 22 जून तक सभी उत्पादन गतिविधियां सामान्य होने की उम्मीद है। आग लगने से इस संयंत्र में अस्थायी रूप से सेवाएं प्रभावित हुई हैं।

वाहन विनिर्माता कंपनी ने बुधवार को शेयर बाजार को दी सूचना में बताया कि वह उत्पादन को सामान्य स्तर पर लाने के लिए आवश्यक कदम उठा रहा है। इसमें वैकल्पिक स्थानों से मोटर वाहन कलपुर्जों की आपूर्ति शामिल है।

कंपनी ने बताया कि यह व्यवधान मुख्य रूप से चेन्नई संयंत्र-1 तक सीमित है, जबकि पुणे संयंत्र और चेन्नई संयंत्र-2 में संचालन पर न्यूनतम प्रभाव पड़ा है। चेन्नई संयंत्र-1 में 15 जून तक जबकि सभी इकाइयों में 22 जून तक उत्पादन गतिविधियां पूरी तरह सामान्य होने का अनुमान है।

मोटर वाहन विनिर्माता कंपनी ने कहा कि वह मोबिस इंडिया में लगी आग के समग्र परिचालन पर प्रभाव का अभी आकलन कर रही है। हालांकि, कंपनी को उम्मीद है कि इस बाधा से हुए अधिकांश उत्पादन नुकसान की भरपाई अगली तिमाही में कर ली जाएगी।

हुंदै मोटर इंडिया लिमिटेड ने निवेशकों और ग्राहकों को आश्वस्त किया कि निकट अवधि में खुदरा बिक्री पर कोई उल्लेखनीय असर नहीं पड़ेगा।

कंपनी ने एक जून को नियामकीय सूचना में बताया था कि उसके आपूर्तिकर्ता मोबिस इंडिया लिमिटेड (मोबिस) की तमिलनाडु के कांचीपुरम जिले के इरुंगट्टुकोट्टई स्थित एक विनिर्माण इकाई में 31 मई को दोपहर में आग लग गई थी।

भाषा निहारिका

निहारिका