गुवाहाटी, 10 जून (भाषा) असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने बुधवार को भारत के सबसे लंबे समय तक प्रधानमंत्री बने रहने पर नरेन्द्र मोदी को बधाई दी और कहा कि पिछले 12 वर्षों में उनके नेतृत्व ने सुधारों को आगे बढ़ाया है, अवसरों का विस्तार किया है और देश की विकास यात्रा को नई दिशा दी है।
प्रधानमंत्री के तौर पर 26 मई को 12 साल पूरे करने वाले मोदी ने बुधवार को चुने हुए प्रधानमंत्री के तौर पर सबसे लंबे समय तक लगातार पद पर रहने का जवाहरलाल नेहरू का रिकॉर्ड तोड़ दिया।
शर्मा ने सोशल मीडिया पोस्ट पर कहा, 'इतिहास अहम पड़ावों को याद रखता है। देश उन नेताओं को याद रखते हैं जो उन्हें आकार देते हैं। भारत के सबसे लंबे समय तक चुने हुए प्रधानमंत्री रहने पर नरेन्द्र मोदी जी को बधाई। पिछले 4,399 दिनों में, उनके नेतृत्व ने सुधारों को आगे बढ़ाया है, अवसरों का विस्तार किया है और भारत की विकास यात्रा को आकार दिया है।'
एक और पोस्ट में उन्होंने कहा, 'नरेन्द्र मोदी -- यह नाम भारत में पिछले 12 सालों में हुए लगभग सभी बड़े विकास कार्यों से जुड़ा है। आज, जब नरेन्द्र मोदी जी भारत के सबसे लंबे समय तक सेवा करने वाले, चुने हुए प्रधानमंत्री बन रहे हैं - एक ऐसा दिन, जो इतिहास के पन्नों में दर्ज हो जाएगा। हम पिछले 12 सालों में भारत की उपलब्धियों का जश्न मना रहे हैं और 2047 तक 'विकसित भारत' के उनके दृष्टिकोण को साकार करने का पक्का संकल्प ले रहे हैं। इस खास मौके पर प्रधानमंत्री जी को मेरी बधाई।'
यह कार्यकाल मोदी का प्रधानमंत्री के तौर पर लगातार तीसरा कार्यकाल है।
भाषा तान्या मनीषा
मनीषा