Breaking News

अमित शाह ने लॉन्च किया एंटी-ड्रग विजन, 3 साल में नेटवर्क खत्म करने का लक्ष्य     |   अयोध्या चंदा चोरी मामला: सभी आरोपियों को तीन दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा गया     |   चंदा केस: ट्रस्ट में रोज चोरी हो रही थी, अरबों रुपये कहां गए? - अरविंद केजरीवाल     |   बिहार: प्रशांत किशोर ने बांकीपुर विधानसभा सीट से उपचुनाव लड़ने का ऐलान किया     |   होर्मुज स्ट्रेट में असुरक्षा के लिए अमेरिका, इजरायल और सहयोगी देश जिम्मेदार: ईरान     |  

उपराष्ट्रपति ने निर्वाचित प्रधानमंत्री के रूप में लगातार सबसे लंबे कार्यकाल के लिए मोदी को बधाई दी

नयी दिल्ली, 10 जून (भाषा) उपराष्ट्रपति सी पी राधाकृष्णन ने भारत के निर्वाचित प्रधानमंत्री के रूप में लगातार सबसे लंबे कार्यकाल के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को बधाई दी।

मोदी ने पहली बार 26 मई, 2014 को प्रधानमंत्री पद संभाला था। उन्होंने प्रथम प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू के 4,398 दिन तक लगातार इस पद पर रहने के रिकॉर्ड को तोड़ दिया है और सबसे लंबे समय तक पद पर रहने वाले निर्वाचित प्रधानमंत्री बन गए हैं।

राधाकृष्णन ने सोशल मीडिया पर कहा, ‘‘यह ऐतिहासिक मील का पत्थर सिर्फ़ पद पर रहने के समय का मापदंड नहीं है, बल्कि हमारे देश की विकास यात्रा में बदलाव लाने वाले दौर की झलक है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘भारत ने उनके दूरदृष्टा नेतृत्व में हर क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति देखी है।’’

उपराष्ट्रपति ने कहा कि जहां अब्राहम लिंकन ने लाखों लोगों को गुलामी की बेड़ियों से मुक्त कराया था, वहीं मोदी ने समावेशी विकास के ज़रिए 25 करोड़ से ज़्यादा लोगों को पूरी तरह गरीबी की गिरफ़्त से आज़ाद कराया है, जिससे लाखों परिवारों को उम्मीद, मौका और इज़्ज़त मिली है।

उपराष्ट्रपति ने कहा कि भारत की समृद्ध विरासत का जश्न मनाकर, भूले हुए नायकों का सम्मान करके, सांस्कृतिक परंपराओं को बचाकर, औपनिवेशिक सोच को छोड़कर और सभ्यता की पहचान पर गौरव को मजबूती प्रदान करके उन्होंने लोगों में जो नया आत्मविश्वास जगाया है, वह भी अत्यंत महत्वपूर्ण है।

भाषा वैभव नेत्रपाल

नेत्रपाल