Breaking News

अमित शाह ने लॉन्च किया एंटी-ड्रग विजन, 3 साल में नेटवर्क खत्म करने का लक्ष्य     |   अयोध्या चंदा चोरी मामला: सभी आरोपियों को तीन दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा गया     |   चंदा केस: ट्रस्ट में रोज चोरी हो रही थी, अरबों रुपये कहां गए? - अरविंद केजरीवाल     |   बिहार: प्रशांत किशोर ने बांकीपुर विधानसभा सीट से उपचुनाव लड़ने का ऐलान किया     |   होर्मुज स्ट्रेट में असुरक्षा के लिए अमेरिका, इजरायल और सहयोगी देश जिम्मेदार: ईरान     |  

उप्र : हाथरस में रेलवे ट्रैक के पास किशोरी और युवक के क्षत-विक्षत शव मिले, जांच जारी

हाथरस, नौ जून (भाषा) उत्तर प्रदेश के हाथरस जिले में दर्शना गांव के पास रेलवे ट्रैक के किनारे एक किशोरी और 25 वर्षीय युवक के क्षत-विक्षत शव मिले हैं। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार, शव सोमवार को मुरसान थाना क्षेत्र में बरामद किए गए थे। मौके से मिले आधार कार्ड और रेलवे टिकटों के आधार पर बाद में दोनों की पहचान की गई।

मृतकों की पहचान 17 वर्षीय किशोरी और मध्यप्रदेश के ग्वालियर जिले के निवासी आनंद कुशवाहा (25) के रूप में हुई है।

पुलिस ने बताया कि किशोरी की मां ने एक जून को शिकायत दर्ज कराई थी, जिसमें आरोप लगाया गया था कि उसकी बेटी को किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा बहला-फुसलाकर ले जाया गया है।

पुलिस के अनुसार, किशोरी 30 मई को अपने घर से लापता हुई थी।

जांच के दौरान सामने आया कि वह कथित रूप से आनंद और एक अन्य युवक के साथ यात्रा कर रही थी, जो बाद में लौट आया।

क्षेत्राधिकारी जे.एन. अस्थाना ने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की जांच जारी है।

भाषा

सं, आनन्द रवि कांत