जयपुर, नौ जून (भाषा) राजस्थान से राज्यसभा की तीन सीटों के लिए होने वाले द्विवार्षिक चुनाव के तहत दाखिल किए गए तीन उम्मीदवारों के सभी नौ नामांकन पत्र मंगलवार को विधानसभा परिसर में हुई जांच के दौरान वैध पाए गए।
निर्वाचन अधिकारी भरत भूषण शर्मा ने बताया कि कांग्रेस प्रत्याशी नीरज डांगी के तीन, भाजपा प्रत्याशी अल्का सिंह के दो तथा भाजपा प्रत्याशी सतीश पूनिया के चार नामांकन पत्रों की उम्मीदवारों, प्रस्तावकों और निर्वाचन अभिकर्ताओं की उपस्थिति में जांच की गई। सभी नामांकन पत्र सही पाए गए।
उन्होंने बताया कि पूरी जांच प्रक्रिया चुनाव पर्यवेक्षक तथा मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवीन महाजन की मौजूदगी में संपन्न हुई। निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी भी कराई गई।
राज्यसभा चुनाव के लिए नाम वापस लेने की अंतिम तिथि 11 जून निर्धारित की गई है, जबकि मतदान 18 जून को होगा।
यह चुनाव राज्य के तीन राज्यसभा सदस्यों का कार्यकाल 21 जून को समाप्त होने के कारण कराया जा रहा है। इनमें कांग्रेस के सांसद नीरज डांगी तथा भाजपा के सांसद राजेंद्र गहलोत और रवनीत सिंह शामिल हैं।
कांग्रेस ने नीरज डांगी को पुनः उम्मीदवार बनाया है। राजस्थान की 10 राज्यसभा सीटों में वर्तमान में भाजपा और कांग्रेस के पास पांच-पांच सदस्य हैं।
राज्य की 200 सदस्यीय विधानसभा में मौजूदा संख्या बल को देखते हुए भाजपा के दो सीटें जीतने और कांग्रेस के एक सीट हासिल करने की संभावना है।
विधानसभा में भाजपा के 118 विधायक हैं, जबकि कांग्रेस के 67 सदस्य हैं। अन्य दलों में बहुजन समाज पार्टी के दो विधायक, भारत आदिवासी पार्टी के चार विधायक और राष्ट्रीय लोक दल का एक विधायक है। इसके अलावा आठ निर्दलीय विधायक भी विधानसभा के सदस्य हैं।
भाषा
बाकोलिया रवि कांत