Breaking News

अमित शाह ने लॉन्च किया एंटी-ड्रग विजन, 3 साल में नेटवर्क खत्म करने का लक्ष्य     |   अयोध्या चंदा चोरी मामला: सभी आरोपियों को तीन दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा गया     |   चंदा केस: ट्रस्ट में रोज चोरी हो रही थी, अरबों रुपये कहां गए? - अरविंद केजरीवाल     |   बिहार: प्रशांत किशोर ने बांकीपुर विधानसभा सीट से उपचुनाव लड़ने का ऐलान किया     |   होर्मुज स्ट्रेट में असुरक्षा के लिए अमेरिका, इजरायल और सहयोगी देश जिम्मेदार: ईरान     |  

मोदी सरकार के 12 साल विश्वास, विकास और जनकल्याण के प्रतीक : सतीश पूनिया

जयपुर, नौ जून (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राज्यसभा प्रत्याशी और पार्टी की राजस्थान इकाई के पूर्व अध्यक्ष सतीश पूनिया ने मंगलवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व के 12 साल विश्वास, विकास और जनकल्याण से परिपूर्ण रहे हैं तथा भारत विकसित राष्ट्र बनने की दिशा में निरंतर आगे बढ़ रहा है।

प्रधानमंत्री मोदी को उनके नेतृत्व के 12 वर्ष पूरे होने पर बधाई देते हुए पूनिया ने कहा कि वर्ष 2014 से शुरू हुए परिवर्तनकारी दौर ने देश में शासन और जनसेवा की तस्वीर बदल दी है।

उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने जनता की आकांक्षाओं को अपनी नीतियों और कार्यक्रमों के माध्यम से ठोस परिणामों में परिवर्तित किया है।

पूनिया ने कहा, ‘‘पिछले 12 वर्षों में विकास, सुशासन, आत्मनिर्भरता और जनकल्याणकारी योजनाओं के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की गई हैं।’’

उन्होंने कहा कि सरकार की नीतियों से गरीबों को लाभ मिला है, बुनियादी ढांचे को मजबूती मिली है, किसानों और महिलाओं का सशक्तीकरण हुआ है, युवाओं के लिए नए अवसर सृजित हुए हैं तथा वैश्विक स्तर पर भारत की प्रतिष्ठा बढ़ी है।

भाजपा नेता ने कहा कि भारत दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था के रूप में उभरा है और ‘‘विकसित भारत’’ के लक्ष्य की ओर तेजी से अग्रसर है।

उन्होंने कहा कि यह देश के 140 करोड़ नागरिकों के विश्वास और सहभागिता का परिणाम है।

पूनिया ने कहा कि समावेशी विकास और राष्ट्र निर्माण पर सरकार का विशेष ध्यान भविष्य की प्रगति और समृद्धि के लिए मजबूत आधार तैयार कर रहा है।

राज्यसभा चुनाव के संदर्भ में पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों से विशेष अपील करते हुए उन्होंने कहा कि उन्हें सम्मानित करने के लिए उपहार, शॉल, साफा या मालाएं न लाएं।

उन्होंने कहा, ‘‘आपकी मुस्कान और आत्मीय मुलाकात ही मेरे लिए पर्याप्त सम्मान है।’’

पूनिया ने लोगों से गौशालाओं में दान देने, दिव्यांगजनों की सहायता करने, विद्यार्थियों की शिक्षा में सहयोग करने, जरूरतमंदों की मदद करने तथा बेटियों के लिए सुकन्या समृद्धि खाते खुलवाने में योगदान देने का आग्रह किया।

उन्होंने कहा कि जनसेवा के ऐसे कार्य ही उनके लिए सबसे बड़ा सम्मान होंगे और इससे सामाजिक कल्याण तथा राष्ट्र निर्माण को भी बल मिलेगा।

भाषा

बाकोलिया रवि कांत