नयी दिल्ली, नौ जून (भाषा) लंदन भारतीय फिल्म महोत्सव (एलआईएफएफ) के 17वें संस्करण में बॉलीवुड अभिनेता आमिर खान की फिल्म ‘लगान’ के 25 साल पूरे होने का जश्न मनाया जाएगा। इसमें ब्रिटेन की बेहद लोकप्रिय कॉमेडी शृंखला ‘गुडनेस ग्रेशियस मी’ को भी प्रदर्शित किया जाएगा।
एलआईएफएफ में बर्मिंघम भारतीय फिल्म महोत्सव और मैनचेस्टर भारतीय फिल्म महोत्सव भी शामिल हैं। यह लंदन, बर्मिंघम, मैनचेस्टर, शेफील्ड और ब्रैडफोर्ड में आयोजित किया जाएगा। इसे बीएफआई ऑडियंस प्रोजेक्ट्स फंड का समर्थन हासिल है, जिसके तहत नेशनल लॉटरी से धनराशि दी जाती है।
एलआईएफएफ की शुरुआत अली अल अरबी निर्देशित ‘52 ब्लू’ से होगी। आदिल हुसैन और नेहा धूपिया अभिनीत इस फिल्म को नौ जुलाई को बीएफआई साउथबैंक में दिखाया जाएगा। इसके बाद यह फिल्म बर्मिंघम, शेफील्ड और ग्रेटर लंदन में प्रदर्शित की जाएगी।
बीएफआई आईमैक्त में 12 जुलाई को आमिर अभिनीत ‘लगान’ दिखाई जाएगी। फिल्म की रिलीज के 25 साल पूरे होने के उपलक्ष्य में 16 जुलाई को बीएफआई साउथबैंक में ‘आमिर खान इन कन्वरसेशन’ का भी आयोजन किया जाएगा, जिसमें अभिनेता ‘लगान’ के निर्माण से जुड़े दिलस्प किस्से साझा करेंगे। वह एक बाल कलाकार से देश के सबसे लोकप्रिय सितारों में से एक बनने के अपने सफर पर भी प्रकाश डालेंगे।
भाषा पारुल संतोष
संतोष