Breaking News

अमित शाह ने लॉन्च किया एंटी-ड्रग विजन, 3 साल में नेटवर्क खत्म करने का लक्ष्य     |   अयोध्या चंदा चोरी मामला: सभी आरोपियों को तीन दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा गया     |   चंदा केस: ट्रस्ट में रोज चोरी हो रही थी, अरबों रुपये कहां गए? - अरविंद केजरीवाल     |   बिहार: प्रशांत किशोर ने बांकीपुर विधानसभा सीट से उपचुनाव लड़ने का ऐलान किया     |   होर्मुज स्ट्रेट में असुरक्षा के लिए अमेरिका, इजरायल और सहयोगी देश जिम्मेदार: ईरान     |  

नेपाल सरकार 2001 के शाही महल नरसंहार की जांच फिर से शुरू करेगी

(शिरीष बी प्रधान)

काठमांडू, नौ जून (भाषा) नेपाल सरकार ने मंगलवार को घोषणा की कि वह 2001 के शाही परिवार नरसंहार से जुड़ी फाइलों को दोबारा खोलेगी। इस सामूहिक नरसंहार में तत्कालीन नरेश वीरेन्द्र शाह के पूरे परिवार की हत्या कर दी गई थी।

नेपाल के गृह मंत्री सुदन गुरुंग ने पदभार संभालने के तुरंत बाद यह घोषणा की।

शाही महल में एक जून 2001, शुक्रवार को रात्रिभोज के दौरान तत्कालीन युवराज दीपेन्द्र ने राजा वीरेन्द्र शाह और रानी ऐश्वर्या सहित अपने परिवार के सभी सदस्यों की गोली मारकर हत्या कर दी थी।

इस मामले में गठित एक आधिकारिक जांच आयोग ने अपनी रिपोर्ट में कहा था कि युवराज दीपेन्द्र ने शराब के नशे में अपने पिता, मां, भाई, बहन और परिवार के अन्य सदस्यों की हत्या करने के बाद खुद को भी गोली मार ली थी।

हालांकि, उस समय कई लोगों ने जांच आयोग की इस रिपोर्ट को खारिज कर दिया था।

गृह मंत्री गुरुंग ने दोबारा पदभार संभालने के बाद कहा कि इस नए सिरे से की जा रही जांच के तहत इस घटना से जुड़ी सभी पिछली फाइलों को दोबारा खोला जाएगा।

वित्तीय अनियमितताओं और अवैध संपत्ति अर्जित करने के आरोपों के बाद गुरुंग ने मंत्रिमंडल से इस्तीफा दे दिया था।

हालांकि, सरकार द्वारा गठित एक जांच समिति से 'क्लीन चिट' मिलने के बाद उनकी दोबारा नियुक्ति का रास्ता साफ हो गया।

भाषा सुमित माधव

माधव