Breaking News

अमित शाह ने लॉन्च किया एंटी-ड्रग विजन, 3 साल में नेटवर्क खत्म करने का लक्ष्य     |   अयोध्या चंदा चोरी मामला: सभी आरोपियों को तीन दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा गया     |   चंदा केस: ट्रस्ट में रोज चोरी हो रही थी, अरबों रुपये कहां गए? - अरविंद केजरीवाल     |   बिहार: प्रशांत किशोर ने बांकीपुर विधानसभा सीट से उपचुनाव लड़ने का ऐलान किया     |   होर्मुज स्ट्रेट में असुरक्षा के लिए अमेरिका, इजरायल और सहयोगी देश जिम्मेदार: ईरान     |  

दिल्ली : दोहरे हत्याकांड में वांछित हाशिम बाबा गिरोह का शूटर मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार

नयी दिल्ली (भाषा) दिल्ली पुलिस ने उत्तर-पूर्वी दिल्ली के शास्त्री पार्क इलाके में संक्षिप्त मुठभेड़ के बाद हाशिम बाबा गिरोह के एक कथित शूटर को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि सोमवार रात हुई मुठभेड़ के दौरान आरोपी आमिर उर्फ सलीम के पैर में गोली लग गई, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस ने बताया कि वह 2024 के सनसनीखेज दोहरे हत्याकांड के मामले में वांछित था।

अपराध शाखा के अनुसार, आमिर, आकाश शर्मा उर्फ छोटू और उसके भतीजे ऋषभ शर्मा की हत्या के मामले में वांछित था। 31 अक्टूबर, 2024 को दिवाली पर शाहदरा के फर्श बाजार इलाके में गोली मारकर उनकी हत्या कर दी गई थी। यह घटना उनके घर के बाहर ही हुई थी।

पुलिस ने बताया कि इस हमले में आकाश के बेटे कृष को भी गोली लगी थी। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में दर्ज हो गई थी और फुटेज बाद में सोशल मीडिया पर व्यापक रूप से प्रसारित हुई थी।

पुलिस ने सोमवार देर रात शास्त्री पार्क में मेट्रो डिपो के पास जाल बिछाया था।

अधिकारियों ने बताया कि रात 10.48 बजे संदिग्ध को देखा गया और उसे रुकने के लिए कहा गया। हालांकि, खुद को घिरा हुआ पाकर उसने कथित तौर पर पिस्तौल निकाली और पुलिस पर गोलियां चला दी।

पुलिस ने बताया कि हेड कांस्टेबल मनोज ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसके बाद आरोपी को काबू कर गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने बताया कि घायल आरोपी को अस्पताल ले जाया गया है।

पुलिस के मुताबिक, उसके पास से एक पिस्तौल, चार कारतूस और चार खोखे बरामद किए गए हैं।

जांचकर्ताओं के अनुसार, आमिर गंभीर अपराधों सहित 14 से अधिक मामलों में शामिल रहा है।

अन्य अपराधों में उसकी भूमिका का पता लगाने और उसके साथियों की पहचान करने के लिए आगे की जांच जारी है।

अपराध शाखा में विशेष पुलिस आयुक्त एच.जी.एस. धालीवाल ने एक बयान में बताया कि जांच के दौरान यह बात सामने आई कि आकाश शर्मा की हत्या कुख्यात शूटर अनिल उर्फ सोनू मटका और उसके साथियों की आपराधिक साजिश का नतीजा थी।

उनके मुताबिक, पुलिस जांच में पता चला कि यह हमला पीड़ित आकाश शर्मा और हाशिम बाबा गिरोह के साथियों के बीच चल रही गैंगवार, निजी दुश्मनी और वित्तीय विवादों से जुड़ा था। सोनू मटका और आमिर जेल में बंद गैंगस्टर हाशिम बाबा गिरोह के कथित सदस्य हैं और उनकी पहचान इस मामले में मुख्य आरोपियों के तौर पर हुई है। इस मामले में एक नाबालिग भी आरोपी है।

उन्होंने बताया कि आकाश शर्मा की हत्या के बाद पूर्वी दिल्ली में सक्रिय प्रतिद्वंद्वी आपराधिक गिरोहों के बीच बदले की कार्रवाई का सिलसिला शुरू हुआ था।

बयान के मुताबिक, जांच में पता चला कि आकाश शर्मा के करीबी सहयोगी सचिन गोलू ने अपने साथियों के साथ मिलकर उसकी हत्या का बदला लेने की कथित साजिश रची थी।

पुलिस ने बताया कि इसी साजिश के तहत दिसंबर 2024 में फर्श बाजार इलाके में कारोबारी सुनील जैन की गोली मारकर हत्या कर दी गई। जांच के दौरान यह आरोप सामने आया कि सुनील जैन हमलावरों का वास्तविक निशाना नहीं थे और गलत पहचान के कारण उनकी हत्या कर दी गई।

अधिकारी ने बताया कि हमलावर कथित तौर पर उस व्यक्ति की तलाश कर रहे थे, जिसका संबंध आकाश शर्मा की हत्या की साजिश से बताया गया था।

पुलिस ने कहा कि इसके बाद मेरठ में दिल्ली पुलिस और उप्र एसटीएफ के संयुक्त अभियान में सोनू मटका मारा गया।

भाषा नोमान नोमान माधव

माधव