Breaking News

अमित शाह ने लॉन्च किया एंटी-ड्रग विजन, 3 साल में नेटवर्क खत्म करने का लक्ष्य     |   अयोध्या चंदा चोरी मामला: सभी आरोपियों को तीन दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा गया     |   चंदा केस: ट्रस्ट में रोज चोरी हो रही थी, अरबों रुपये कहां गए? - अरविंद केजरीवाल     |   बिहार: प्रशांत किशोर ने बांकीपुर विधानसभा सीट से उपचुनाव लड़ने का ऐलान किया     |   होर्मुज स्ट्रेट में असुरक्षा के लिए अमेरिका, इजरायल और सहयोगी देश जिम्मेदार: ईरान     |  

झारखंड के हजारीबाग में बाइक सवार बदमाशों ने युवक की गोली मारकर हत्या की

हजारीबाग, नौ जून (भाषा) झारखंड के हजारीबाग जिले में मोटरसाइकिल सवार दो अज्ञात बदमाशों ने एक युवक की कथित रूप से गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस को आशंका है कि यह वारदात पारिवारिक विवाद का नतीजा हो सकती है।

अधिकारियों ने बताया कि यह घटना सोमवार रात करीब 11 बजे करसो पुल के पास हुई, जब पीड़ित की कार का टायर पंचर हो गया था। उस वक्त वह कोडरमा रेलवे स्टेशन जा रहा था।

बरही के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) राधा प्रेम किशोर ने 'पीटीआई-भाषा' को बताया, 'विक्की सोनी (30) और उनका दोस्त कार से रेलवे स्टेशन जा रहे थे, तभी करसो पुल के पास उनकी गाड़ी का एक टायर पंचर हो गया। जैसे ही कार रुकी, बाइक पर आए दो अज्ञात बदमाशों ने उन पर गोलियां चला दीं। सोनी की गर्दन में गोली लगी, जिससे उसकी मौत हो गई।'

एसडीपीओ ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पीड़ित को तुरंत बरही अनुमंडल अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

उन्होंने कहा कि अपराधियों को पकड़ने के लिए अलग-अलग ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।

वहीं, बरही थाना प्रभारी ने बताया कि शुरुआती जांच से संकेत मिलता है कि युवक की हत्या किसी पारिवारिक विवाद के चलते की गई है।

इस बीच, घटना से गुस्साए स्थानीय लोगों और मृतक के परिजनों ने मंगलवार दोपहर झंडा चौक पर शव को सड़क पर रखकर आधे घंटे से अधिक समय तक प्रदर्शन किया और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की।

वरिष्ठ अधिकारियों से त्वरित और सख्त कार्रवाई का आश्वासन मिलने के बाद प्रदर्शनकारियों ने सड़क को खाली किया।

भाषा सुमित नोमान

नोमान