Breaking News

अमित शाह ने लॉन्च किया एंटी-ड्रग विजन, 3 साल में नेटवर्क खत्म करने का लक्ष्य     |   अयोध्या चंदा चोरी मामला: सभी आरोपियों को तीन दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा गया     |   चंदा केस: ट्रस्ट में रोज चोरी हो रही थी, अरबों रुपये कहां गए? - अरविंद केजरीवाल     |   बिहार: प्रशांत किशोर ने बांकीपुर विधानसभा सीट से उपचुनाव लड़ने का ऐलान किया     |   होर्मुज स्ट्रेट में असुरक्षा के लिए अमेरिका, इजरायल और सहयोगी देश जिम्मेदार: ईरान     |  

रात नौ बजे के मुख्य समाचार

नयी दिल्ली, नौ जून (भाषा) ‘भाषा’ की विभिन्न फाइल से मंगलवार को रात नौ बजे तक जारी मुख्य समाचार इस प्रकार हैं :-

प्रादे168मप्र लीड नटराजन नामांकन

मप्र रास चुनाव: मीनाक्षी नटराजन का नामांकन रद्द, कांग्रेस ने ‘सीट चोरी’ करार दिया

भोपाल, मध्यप्रदेश में राज्यसभा की तीन सीटों पर हो रहे चुनाव में मंगलवार को उस समय नाटकीय मोड़ आ गया, जब शपथपत्र में जानकारी छुपाने के आरोप में कांग्रेस की उम्मीदवार मीनाक्षी नटराजन का नामांकन रद्द कर दिया गया।

दि63चुनाव परिसीमन

बिखरता विपक्ष, सरकार संसद में परिसीमन कानून पारित कराने के लिए नए सिरे से कर सकती है प्रयास

नयी दिल्ली, विपक्षी ‘इंडिया’ गठबंधन के दो घटक दलों में बगावत और तीसरे दल के अलग होने के बाद 2029 के संसदीय चुनावों में महिला आरक्षण लागू करने के लिए लोकसभा में सीट संख्या बढ़ाने से जुड़े परिसीमन विधेयक को नए सिरे से पेश करने की नरेन्द्र मोदी सरकार की उम्मीदें एक बार फिर से जग गई हैं।

दि57सोनिया दूसरीलीड ममता

सोनिया से मिलीं ममता, भाजपा के खिलाफ विपक्षी एकजुटता मजबूत करने पर दिया जोर

नयी दिल्ली, ‘इंडिया’ गठबंधन की बैठक में विपक्षी एकजुटता मजबूत करने पर जोर देने के एक दिन बाद तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी ने मंगलवार को कांग्रेस की शीर्ष नेता सोनिया गांधी से मुलाकात की।

दि56एमईए पाकिस्तान लीड बर्बरता

पीओके में हुई जानलेवा हिंसा पर पाकिस्तान को जवाबदेह ठहराए वैश्विक समुदाय : भारत

नयी दिल्ली, पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (पीओके) में लोगों के साथ की गई “बर्बरता” के लिए भारत ने मंगलवार को इस्लामाबाद की कड़ी आलोचना की और अंतरराष्ट्रीय समुदाय से उसे उसके “अत्याचारों” के लिए जवाबदेह ठहराने का आह्वान किया।

दि66टीएमसी सीआईडी कार्यालय

फर्जी हस्ताक्षर मामले में ममता के आवास पहुंची सीआईडी, टीएमसी ने लगाया प्रतिशोध की राजनीति का आरोप

नयी दिल्ली, राज्यसभा में तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के नेता डेरेक ओ'ब्रायन ने मंगलवार को जांच एजेंसियों पर राजनीतिक उद्देश्य से कार्रवाई करने का आरोप लगाया।

दि52कांग्रेस राहुल उज्ज्वला

मोदी सरकार ने लाखों परिवारों और महिलाओं को जहरीले धुएं की तरफ धकेला: राहुल

नयी दिल्ली,कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने उज्ज्वजा योजना के तहत सब्सिडी वाले एलपीजी सिलेंडरों की संख्या नौ से घटाकर चार किए जाने को लेकर मंगलवार को आरोप लगाया कि नरेन्द्र मोदी सरकार ने अपनी आर्थिक नीतियों से लाखों गरीब परिवरों एवं महिलाओं को लकड़ी के जहरीले धुएं की तरफ धकेल दिया है।

दि33शाह सरकार

मोदी सरकार के 12 साल पूरे; शाह ने कल्याणकारी, अवसंरचना संबंधी उपलब्धियों की सराहना की

नयी दिल्ली, नरेन्द्र मोदी नीत सरकार के मंगलवार को 12 साल पूरे होने पर, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने प्रधानमंत्री के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि देश ने पहली बार गरीब कल्याण और अभूतपूर्व विकास को एक साथ साकार होते देखा है।

प्रादे170महाराष्ट्र ब्लूस्टार लीड मंत्री

ऑपरेशन ब्लू स्टार ‘काला दिन’, सैन्य कार्रवाई ‘अब्दाली के आक्रमण’ के समान: भाजपा नेता गिरीश महाजन

मुंबई, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता और महाराष्ट्र सरकार में मंत्री गिरीश महाजन ने ‘ऑपरेशन ब्लू स्टार’ को “काला दिन” करार देकर और सैन्य कार्रवाई में मारे गए लोगों को “शहीद” बताकर विवाद खड़ा कर दिया है।

प्रादे149तमिलनाडु अन्नाद्रमुक विधानसभाध्यक्ष

विश्वास मत के दौरान टीवीके का समर्थन करने वाले 21 अन्नाद्रमुक विधायकों पर कार्रवाई नहीं: अध्यक्ष

चेन्नई, अन्नाद्रमुक के विरोधी गुटों के बीच सुलह होने के कुछ दिनों बाद, तमिलनाडु विधानसभा के अध्यक्ष जे.सी.डी. प्रभाकर ने मंगलवार को घोषणा की कि विपक्षी पार्टी के उन 21 विधायकों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की जाएगी, जिन्होंने 13 मई को हुए विश्वास मत के दौरान तमिलगा वेत्री कषगम (टीवीके) सरकार के पक्ष में वोट दिया था।

प्रादे159राजस्थान दूसरी लीड मकान आग

राजस्थान : पटाखा गोदाम में आग लगने से सात लोगों की मौत

जयपुर, राजस्थान की राजधानी जयपुर के खो-नागोरियन क्षेत्र में मंगलवार सुबह एक कथित अवैध पटाखा गोदाम में विस्फोट के बाद आग लगने से सात लोगों की मौत हो गई और एक व्यक्ति गंभीर रूप से झुलस गया। पुलिस ने यह जानकारी दी।

वि20फिलीपीन भूकंप लीड बचाव

फिलीपीन में आए भूकंप में 37 लोगों की मौत; 32,000 लोग विस्थापित

जनरल सैंटोस (फिलीपीन), दक्षिणी फिलीपीन में सोमवार को आए भूकंप में कम से कम 37 लोग मारे गए और 32,000 से अधिक लोग विस्थापित हो गए। हालांकि क्षतिग्रस्त इमारतों में फंसे लोगों की तलाश के लिए बचाव अभियान मंगलवार को भी जारी रहा और यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि कोई भी व्यक्ति मलबे में फंसा न रहे।

वि11अमेरिका एचबी वीजा लीड भारतीय समुदाय

एच-1बी वीजा पर एक लाख डॉलर का शुल्क रद्द करने संबंधी अदालत के फैसले का भारतीय प्रवासी संगठनों ने स्वागत किया

वाशिंगटन, अमेरिका के ट्रंप प्रशासन द्वारा एच-1बी वीजा पर लगाए गए एक लाख अमेरिकी डॉलर के शुल्क को रद्द करने के मैसाचुसेट्स की संघीय अदालत के फैसले का अमेरिका में भारतीय प्रवासी हितों की पैरवी करने वाले संगठनों ने स्वागत किया है और इसे रोजगार-आधारित आव्रजन प्रणाली के लिए एक न्यायसंगत कदम बताया है।

अर्थ31एयर इंडिया सीईओ

विमानों की आपूर्ति में देरी से वृद्धि, आधुनिकीकरण पर पड़ा असर: एयर इंडिया सीईओ

रियो डी जेनेरियो, एयर इंडिया के निवर्तमान मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) और प्रबंध निदेशक कैंपबेल विल्सन ने कहा है कि पिछले चार वर्षों में एयरलाइन की बुनियाद को फिर से मजबूत किया गया है, लेकिन निर्धारित समय पर विमानों की आपूर्ति न होने से इसकी वृद्धि और बेड़े के आधुनिकीकरण पर महत्वपूर्ण असर पड़ा है।

अर्थ69लीड अर्थव्यवस्था

सरकार आर्थिक वृद्धि की रफ्तार बनाये रखने के लिए सुधारों को देगी गति

नयी दिल्ली, सरकार पश्चिम एशिया संकट के बीच आर्थिक वृद्धि की रफ्तार को बनाये रखने के लिए सुधारों को आगे बढ़ाने की योजना बना रही है। इसमें विदेशी निवेश को आकर्षित करने, विनिवेश को गति देने तथा संपत्ति को बाजार पर चढ़ाने के लिए कदम शामिल हैं। सरकारी सूत्रों ने मंगलवार को यह बात कही।

खेल10खेल भारत पंड्या लीड रोहित

पंड्या और रोहित को एकदिवसीय क्रिकेट में वापसी के लिए सीओई की स्वीकृति मिली

मुल्लांपुर, स्टार ऑलराउंडर हार्दिक पंड्या और सीनियर बल्लेबाज रोहित शर्मा को भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (सीओई) की खेल विज्ञान टीम ने शनिवार से अफगानिस्तान के खिलाफ धर्मशाला में शुरू होने वाली तीन मैच की एकदिवसीय श्रृंखला में खेलने की मंजूरी दे दी।

भाषा

राजकुमार माधव

माधव