Breaking News

अमित शाह ने लॉन्च किया एंटी-ड्रग विजन, 3 साल में नेटवर्क खत्म करने का लक्ष्य     |   अयोध्या चंदा चोरी मामला: सभी आरोपियों को तीन दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा गया     |   चंदा केस: ट्रस्ट में रोज चोरी हो रही थी, अरबों रुपये कहां गए? - अरविंद केजरीवाल     |   बिहार: प्रशांत किशोर ने बांकीपुर विधानसभा सीट से उपचुनाव लड़ने का ऐलान किया     |   होर्मुज स्ट्रेट में असुरक्षा के लिए अमेरिका, इजरायल और सहयोगी देश जिम्मेदार: ईरान     |  

भाजपा को पंजाब से बड़ी मात्रा में चंदा मिलने का एक कारण केंद्रीय एजेंसियों का दबाव है: केजरीवाल

नयी दिल्ली, नौ जून (भाषा) आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने मंगलवार को आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को पंजाब से ‘‘असामान्य रूप से बड़ी मात्रा में चंदा मिलने का कारण केंद्रीय जांच एजेंसियों का दबाव’’ है।

केजरीवाल ने एक विश्लेषण का हवाला दिया, जिसमें कहा गया है कि 2024-25 के दौरान पंजाब से राजनीतिक दलों को लगभग 64.74 करोड़ रुपये का चंदा मिला, जिसमें से भाजपा को 60.30 करोड़ रुपये प्राप्त हुए।

दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री केजरीवाल ने राजनीतिक चंदों के संबंध में निर्वाचन आयोग को दी गई जानकारी पर एक मीडिया रिपोर्ट के आंकड़ों का उल्लेख करते हुए यह कहा।

केजरीवाल ने सवाल उठाया कि जब पंजाब विधानसभा की 117 सदस्यीय विधानसभा में भाजपा के केवल दो विधायक हैं, तब उसे राज्य से इतनी बड़ी मात्रा में चंदा क्यों मिला।

उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्रीय एजेंसियों के माध्यम से कारोबारियों पर दबाव डाला जा रहा है और उन्हें मजबूर कर उनसे चंदा लिया जा रहा है।

केजरीवाल ने कहा कि पंजाब के लोग ऐसी गतिविधियों को स्वीकार नहीं करेंगे। उन्होंने किसान आंदोलन का उल्लेख करते हुए कहा कि भाजपा को उससे सबक लेना चाहिए।

आंकड़ों के अनुसार, इसी अवधि में पंजाब से कांग्रेस को 3.73 करोड़ रुपये का चंदा मिला, जबकि ‘आप’ को लगभग 71 लाख रुपये प्राप्त हुए।

केजरीवाल की टिप्पणियों पर भाजपा की ओर से अब तक कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है।

भाषा जोहेब सिम्मी

सिम्मी